
जॉम्बी गैंग के दो बदमाश अरेस्ट, पत्रिका फोटो
Zombie Gang Jaipur: जयपुर शहर की सड़कों पर दिन के उजाले में बाइक उड़ाने वाली एक ऐसी गैंग का खुलासा हुआ है, जिसके काम करने का तरीका जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने ‘जॉम्बी गैंग’ के सरगना सहित 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश दिन भर शहर में चोरियां करते थे और पुलिस से बचने के लिए रात श्मशान घाट की खामोशी के बीच गुजारते थे। श्मशान में रहने के कारण इनके गैंग का नाम ‘जॉम्बी’ पड़ा। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं।
थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि 26 अप्रेल को लोहा मंडी इलाके से एक बाइक चोरी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक संदिग्ध नजर आए। तकनीकी विश्लेषण के बाद जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो पता चला कि आरोपी चोरी की गाड़ियों को न्यू ट्रांसपोर्ट नगर की झाड़ियों और खाली गोदामों में छिपाते थे।
हरमाड़ा पुलिस के जवानों ने मजदूरों का भेष धारण किया और न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के खाली भूखंडों पर निगरानी शुरू की। पुलिस ने देखा कि आरोपी झाड़ियों के बीच छिपाई गई बाइकों के पार्ट्स खोल रहे थे। सही मौका देख पुलिस टीम ने घेराबंदी की और सामोद निवासी विकास चौधरी (22) व दीपपुरा हरमाड़ा निवासी अक्षय पारीक (27) को दबोच लिया। पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की कई वारदातों को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।
आरोपी हरमाड़ा, चौमूं, मुरलीपुरा, विश्वकर्मा और करधनी जैसे इलाकों में सक्रिय होकर दिनदहाड़े वाहन चोरी करते थे।
रात का ठिकाना: गिरफ्तारी से बचने के लिए ये बदमाश रात को श्मशान घाट में जाकर सो जाते थे, ताकि कोई सामान्य व्यक्ति या पुलिस वहां उन्हें ढूंढ़ने न आए। श्मशान में रहने के कारण इनके गैंग का नाम ‘जॉम्बी’ पड़ा।
गिरोह के लोग चोरी की पूरी बाइक बेचने के बजाय उसके कीमती पार्ट्स अलग कर बाजार में बेच देते थे, जिससे पकड़े जाने का खतरा कम रहता था। पुलिस अब गिरोह से वाहनों के पार्ट्स खरीदने वालों को चिन्हित कर दबोचने की कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
09 May 2026 08:33 am
Published on:
09 May 2026 08:32 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
