8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: मजदूरी से नहीं बुझ रही थी ‘शौक’ की प्यास; सिक्सलेन पर खून बहाकर बने लुटेरे

Highway Assault Case: बीती 2 मई की रात चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने वाली 'दोस्त तिकड़ी' को पुलिस ने गुरुवार को बेनकाब कर दिया। शौक-मौज और ऐश-ओ-आराम की चाहत ने खेती-मजदूरी करने वाले 3 युवकों को अपराधी बना दिया।

2 min read
Google source verification
प्रतीकात्मक तस्वीर, मेटा एआइ

प्रतीकात्मक तस्वीर, मेटा एआइ

Highway Assault Case: बीती 2 मई की रात चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने वाली 'दोस्त तिकड़ी' को पुलिस ने बेनकाब कर दिया। शौक-मौज और ऐश-ओ-आराम की चाहत ने खेती-मजदूरी करने वाले 3 युवकों को अपराधी बना दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। रातोंरात करोड़पति बनने के सपने देखने वाले तीनों युवक अब सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।

बाथरूम के लिए रुका और घिर गया चालक

थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि फलोदड़ा (उदयपुर) निवासी ट्रक चालक ईश्वरलाल मीणा 2 मई की रात महालक्ष्मी होटल के पास ट्रक रोककर नीचे उतरा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे दबोच लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा 3 वार किए और मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो गए। घायल चालक को गंभीर हालत में उदयपुर के चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

हुलिए से मिला सुराग, घेराबंदी कर दबोचा

एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में एएसआई तंवरसिंह झाला की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और पीड़ित की ओर से बताए हुलिए के आधार पर जांच शुरू की। संदेह होने पर पुलिस ने नाहरगढ़ निवासी गोविंद गुर्जर, आंतरी निवासी देवराज गुर्जर और होड़ा चौराहा निवासी शौकीन गुर्जर को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में पहले तो टालमटोल की लेकिन तीनों ने वारदात कबूल कर ली।आरोपियों से हाईवे पर हुई अन्य वारदातों को लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

शॉर्टकट से पैसा कमाने की थी योजना

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी सामान्य तौर पर खेती और मजदूरी करते हैं, लेकिन जल्दी पैसा कमाने और शौक पूरे करने के लिए उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। वारदात के वक्त एक आरोपी कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था, जबकि दो ने हमले को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के प्रयास कर रही है। अदालत ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस को आरोपियों से और कई वारदातों के खुलासा होने की उम्मीद है।