13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेमौसम बारिश में किसानों की गाढ़ी कमाई में हो रहा नुकसान, मंडियों में हो रही फसल खराब

हर बार किसानों को होता है नुकसान झालावाड़. जिले की मंडियों में पर्याप्त शेड नहीं होने से किसानों के खरे पसीनें से कमाई हुई फसलें बेमौसम बारिश में मंडियों में ही खराब हो रही है। जबकि मंडियों में लगे शेड में व्यापारियों को माल जमा रहता है। जिले में सोमवार को व उससे तीन दिन […]

2 min read
Google source verification

हर बार किसानों को होता है नुकसान

झालावाड़. जिले की मंडियों में पर्याप्त शेड नहीं होने से किसानों के खरे पसीनें से कमाई हुई फसलें बेमौसम बारिश में मंडियों में ही खराब हो रही है। जबकि मंडियों में लगे शेड में व्यापारियों को माल जमा रहता है। जिले में सोमवार को व उससे तीन दिन पूर्व आई बारिश में भी कई किसानों की जिंस मंडियों में पानी के साथ बहकर चली गई। अगर जिले की प्रमुख मंडियों में पर्याप्त शेड हो तो हर बार किसानों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

यहां खराब हो जाता है किसानों का माल-

जिले की सबसे बड़ी हरिशचन्द्र कृषि उपज मंडी झालरापाटन में इन दिनों गेहूं, अलसी, धनियां, सरसों आदि जिंस आ रही है। लेकिन पर्याप्त शेड नहीं होने से जैसे ही बेमौसम बारिश होती है, किसानों की मंडी प्रांगण में फैली फसल खराब हो जाती है।

यहां व्यापारियों का जमा रहता माल-

जिले के रायपुर व भवानीमंडी कृषि उपज मंडियों में शेड कम है। उनमें भी व्यापारियों का माल जमा रहता है।ऐसे में नीलामी के लिए किसानों को अपनी उपज खुले में डालनी पड़ती है। ऐसे में नीलामी से पूर्व बारिश आने से नुकसान किसानों का ही होता है। गेहूं की हो रही बंपर आवक- किसानों ने बताया कि मौसम खराब हो जाने से किसान अपनी उपज को जल्दी से जल्दी तैयार कर बेचने के लिए मंडी में लाने में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही इस वर्ष गेहूं का सबसे ज्यादा उत्पादन हुआ है इसलिए मंडी में सबसे अधिक आवक गेहूं की हो रही है। समर्थन मूल्य का तौल कांटा भी झालरापाटन कृषि उपजमंडी में ही लगा होने से इसमें बिकने के लिए आ रहे गेहूं का तोल भी यहां पर ही हो रहा है। जिससे मंडी परिसर के बड़ा भाग इनके उपयोग में आ रहा है। जिससे किसानों और व्यापारियों को अपनी जींस रखने के लिए स्थानाभाव की परेशानी आ रही है।

शादियों का सीजन होने से आवक ज्यादा-

किसानों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में इन दिनों खूब शादियां होती है। जिससे भी गांव में अधिकांश किसान अपनी उपज को जल्दी से जल्दी बेचकर शादी का सामान खरीदते है, इसलिए भी उपज की आवक एक साथ हो रही है।

किसानों ने ऐसे बताई पीड़ा-

खरीब व रबी सीजन में जब भी बेमौसम बारिश होती है, मंडी में नुकसान किसानों को ही होता है। रायपुर मंडी में सोमवार को गेहूं लेकर गए थे, तेज बारिश से खराब हो गए। यहां पर्याप्त शेड की आवश्यकता है।

राजेश परिहार, किसान कालीतलाई।

रायपुर मंडी में शेड के अभाव में किसानों को काफी नुकसान होता है। सरकार को किसानों की उपज की नीलामी के लिए यहां पर्याप्त शेड लगाना चाहिए। ताकि किसानों की पूरे साल की मेहनत बेकार नहीं जाएं।

ब्रदीलाल गुर्जर, किसान सोयला।

कृषि उपज मंडी में किसानों का माल खराब नहीं हो, इसके लिए त्रिपाल मंगवा रहे हैं। शेड की कमी तो है, इसके लिए सरकार को सूचना भेज दी है। समर्थन मूल्य का माल भी यहीं तुल रहा है, इसलिए थोड़ी परेशानी आ रही है। आड़तियों की भी जिम्मेदारी है कि जो किसान उनके पास माल लेकर आ रहा है, उनका माल बेमौसम बारिश में खराब नहीं हो।

गोविन्द सिंह, सचिव कृषि उपजमंडी, झालरापाटन।