12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आसमान छू रहे सोने के भाव, दुल्हन के गहनों का वजन हुआ कम

- दाम बढऩे से निवेशकों की बल्ले-बल्ले

2 min read
Google source verification

झालावाड़.जिले में इन दिनों शादियों का सीजन है और सोने के भाव आसमान पर हैं। नवंबर में 80,900 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड भाव पर चल रहा सोना जनवरी में करीब 1800 रुपए कम हुआ। भाव 78,600 पर आया, लेकिन 3 फरवरी से सोना फिर कुलांचे भरने लगा। महज एक सप्ताह में ही मंगलवार को भाव 87,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 95500 रुपए किलो रही। सोने-चांदी के बढ़ते भाव ने दुल्हन के जेवरों का वजन कम कर दिए हैं। लोगों ने शादी के लिए जो बजट बनाया, उससे कम वजन वाले गहने खरीद रहे हैं। 6.8 ग्राम की अंगूठी खरीदने की तैयारी थी, दाम बढ़ते ही 4.5 ग्राम पर सिमट गई। दुल्हन के लिए कम वजन वाले हार, कंगन, मंगलसूत्र और बेंदी की खरीदी हो रही है। सर्राफा विशेषज्ञों की मानें तो सोने के भाव वैश्विक कारणों से 90 हजार तक जा सकता है। चांदी के भाव की रफ्तार भी तेज है। इस माह 3 फरवरी से 7 दिन में ही यह करीब ढाई हजार रुपए प्रति किलो तक बढ़ गई। हालांकि, इस साल सोने ने निवेशकों को 10 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया। 31 दिसम्बर 2024 को सोना 78,600 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

सोना शुद्धता प्रतिशत में

14 कैरेट 58.33

18 कैरेट 75.00

20 कैरेट 83.33

22 कैरेट 91.66

24 कैरेट 99.9

18 कैरेट की ओर रुझान-

शादी-ब्याह में बेटी-दामाद के लिए अमूमन लोग 22 कैरेट सोने के बने गहनों को प्राथमिकता देते हैं। लेकिन आसमान छूते भाव को देखते हुए अब लोग 20 और18 कैरेट वाले सोने की खरीदारी भी करने लगे हैं। वहीं,लोगों ने खरीदे जाने वाले जेवरों के वजन में भी कटौती की है। डॉलर की तुलना रुपए कमजोर- बढ़ते भाव के पीछे वैश्विक कारण भी हैं। डॉलर की तुलना में रुपए का कमजोर होना, देश-दुनिया के बड़े बैंकों के सोना खरीदने में तेजी भी बड़ा कारण है। सोमवार को 1 डॉलर 87.79 रुपए के बराबर रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा ही रहा तो सोना 90 हजारी होगा।

90 के पार हो सकता

- डॉलर के मुकाबले रुपए के गिरने से सोने-चांदी के भाव तेज हैं। सोना निवेशकों को अच्छा रिटर्न दे रहा है। उम्मीद है कि जल्द सोना 90 हजार के पार हो जाएगा। शादी-विवाह के लिए अधिकतर लोग पहले ही खरीदारी कर लेते हैं। अभी जो खरीद रहे हैं उन्हें थोड़ा महंगा खरीदना पड़ रहा है।

आराध्य सोनी, ज्वैलर्स व्यवसायी, झालावाड़।