नगरपरिषद व प्रशासन का नहीं है ध्यान, बदरंग हो रहा शहर
झालावाड़. करीब 15 किलोमीटर के सिटी फोरलेन के साथ ही सर्विस लेन बनाया गया था ताकि हादसों से बचाव हो सके और स्थानीय वाहन इसी सर्विस लेन से आ जा सके लेकिन यही सर्विस लेन अब कहीं बाजार बन गया तो कहीं पार्किंग। कई जगह तो सर्विस लेन पर टापरियां बना कर लोग बरसों से रह रहे हैं। कई जगह तो दुकानदारों ने अतिक्रमण कर सर्विस लेन ही बंद कर दिया। साथ सर्विस लाइन की जालियां भी दुकानदारों से अपनी सुविधानुसार हटा ली या तोड़ दी। इतना सब होने के बाद नगरपरिषद व जिला प्रशासन का इस पर कोई ध्यान ही नहीं है। इससे न केवल अतिक्रमण बढ़ रहा है बल्कि शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है। पत्रिका टीम ने सिटी फोरलेन की सर्विस लेन का गिंदोर से लेकर वृंदावन गांव से आगे तक दोनों साइडों का जायजा लिया। इस दौरान कई अवरोध मिले तो कहीं दुकानें मिली। सहकार भवन के पास लंबी दूरी तक रेलिंग टूटी मिली। वहीं पास ही एक निजी अस्पताल के पास चाय की थडी़ सर्विस लेन पर लगी हुई थी। इससे आगे गमलों की दुकानें सर्विस लेन पर ही चल रही है। खंडिया तालाब की पाल के नीचे एक कबाड़ जैसी गाड़ी बरसों से सर्विस लेन पर ही खड़ी है। जानकारी में आया कि इसमें नॉनवेज रेस्टोरेंट चलता है। इससे आगे सर्विस लेन का काम अधूरा है। शहर में एसबीआई के सामने दुकानों के आगे चबूतरे बना रखे हैं। इससे सर्विस लेन बहुत सिकुड़ गया है। यहां कार निकालने में भी परेशानी होती है। कोतवाली के पास एक जब्त ट्रक बरसों से सर्विस लेन पर ही खड़ा है। इसकी वजह से यहां पूरा रोड तक नहीं बन पाया। वृंदावन गांव में तो सर्विस लेन पर गायें बांधी जा रही है। वहीं ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्र भी खड़े रहते हैं। यहां कार ले जाना मुश्किल है।
अस्पताल के सामने तो बाजार सज गया
सर्विस लेन की सबसे बुरी िस्थति अस्पताल के सामने है। यहां तो पूरा बाजार सजा हुआ है। जरूरत की हर चीज यहां से खरीदी जा सकती है। एक तरफ दुकानें हैं तो दूसरी तरफ निजी एंबुलेंस की पार्किंग। इसकी वजह से यहां से कार लेकर निकलना मुश्किल है। दूसरी तरफ एक रेस्टोरेंट व मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी सुविधानुसार सर्विस लेन को इस्तेमाल किया हुआ है। एक मेडिकल स्टोर के पास तो यह िस्थति है कि यहां सिर्फ बाइक ही निकल सकती है। दिनभर यहां वाहनों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में वाहन से निकलना टेढ़ी खीर है।
अतिक्रमण फैक्ट फाइल- नगर परिषद
अभी तक तीन सीज की कार्रवाई की गई
155 अस्थई अतिक्रमण पर करीब 25000 रुपए जुर्माना लगाया – 10 लोगों का अवैध काम रुकवाया
सामान जब्त करने पर पहली बार 750 रुपए तथा दूसरी बार जब्त करने पर 1000 रुपए जुर्माना
जल्दी ही अतिक्रमण हटाएंगे। इन्हे कहीं दूसरी जगह शिफ्ट करेंगे। इनका स्थायी समाधान करेंगे। ठेले वालों को भी बार-बार दिक्कत नहीं हो। इसके लिए बोर्ड बैठक मेंं प्रस्ताव लेकर स्ट्रीट वेंडर प्लान बनाएंगे। सर्विस लेन को पूरी तरह से साफ करेंगे। पुलिस की सहायता से जल्द हटाएंगे।
अशोक शर्मा, आयुक्त नगर परिषद, झालावाड़
किसी की आजीविका प्रभावित नहीं है। लेकिन किसी को भी अवैध रुप से अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। नगर परिषद व उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। इसको देखकर इसका स्थायी समाधान करें। नगर परिषद को इनके लिए वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दे दिए है।
आलोक रंजन, जिला कलक्टर, झालावाड़
सभापति संजय शुक्ला से सीधी बात
सवाल: शहर में हर कहीं अतिक्रमण हो रहे है, आप कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं
जवाब: ऐसा नहीं है, आयुक्त से बात कर इन्हे चिह्नित करवाते हैं
सवाल: एसआरजी चिकित्सालय के सामने सहित पूरे सर्विस लेन पर अतिक्रमण हो रहा है
जवाब: हां यह सही है, इसके लिए आयुक्त को बोलकर पुलिस सहायता से अतिक्रमण हटाने की जल्दी ही कार्रवाई करेंगे।
सवाल : अभी कुछ दिन पहले ही हटाया था, फिर से अतिक्रमण हो जाता है ऐसा क्यों
जवाब: मैंने अभी फिर से चार्ज संभाला है इसे दिखवाकर हटाते हैं
सवाल: कई स्थाई अतिक्रमण भी हो रहे है उनके खिलाफ क्या कार्रवाई कर रहे हैं
जवाब: ऐसा नहीं है, दो तीन जगह सील कर रखी है, कहीं भी नया अतिक्रमण होता है तो सूचना पर अतिक्रमण दस्ता कार्रवाई करता है।