
स्टूडेंट्स को दिए सफलता के टिप्स, इन बातों का रखेंगे ध्यान तो राह होगी आसान
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्टूडेंट्स सफलता के टिप्स दिए गए। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद ग्रासलैंड के प्रधान वैज्ञानिक एवं टेकिप के बी ओ जी के चेयरमैन डॉ प्रभाकांत पाठक ने छात्रों को बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। हमेशा छात्रों को सुनने की आदत डालनी चाहिए। इससे उनका ज्ञानवर्धन होता है। उन्होंने कहा कि सफल छात्र बनने के लिए हमेशा शालीनता बनाये रखें और सहनशील बने। सबसे महत्वपूर्ण कि छात्र हमेशा समय के प्रबंधन पर ध्यान दें ताकि समय की उपयोगिता बढ़ा सकें।
इक्कीस दिन चला कार्यक्रम
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी विभाग में २१ दिन से चल रहे प्रेरण कार्यक्रम के समापन अवसर पर निदेशक डीन इंजीनियरिंग प्रो शिव कुमार कटियार ने स्टूडेंट्स से कहा कि जो सीख उन्होंने प्रेरण कार्यक्रम के दौरान ली और विभिन्न व्याख्यानों के माध्यम से विश्वविद्यालय के अधिकारियों को जाना, ये सीख उन्हें चार साल की पढ़ाई के दौरान काम आएगी। जिस उत्साह के साथ वे प्रेरण कार्यक्रम में रहे उसी उत्साह के साथ अपने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करें ताकि आगे के जीवन में सफलता उनके कदम छुए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठे आचार्य प्रोफेसर वी के सहगल ने छात्रों से कहा कि छात्र बिना किसी परेशानी महसूस करते हुए अपनी शिक्षा पर ध्यान दें। उत्साह पूर्वक अपने करियर को नया आयाम दें। इस अवसर पर बैडमिंटन, चैस, कैरम, टेबल टेनिस अादि प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर छात्रों को मेडल प्रदान किये गए। इसमें ऋचा यादव, योगेश, दीक्षा, निसिका पाल, चन्दन, हर्ष, स्नेहा, आकाश सिंह, अमन हुसैन अादि छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक इंजीनियर विजय वर्मा, टेकिप परियोजना के मीडिया समन्वयक राहुल शुक्ल, उपसमन्वयक शशिकांत वर्मा आदि उपस्थित रहे।
Published on:
3 Sep 2019, 10:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.