
लिस्ट फाइनल, सबसे पहले इन 7,403 किसानों को मिलेगा सीएम की योजना का लाभ
झांसी. मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गई फसली ऋण मोचन योजना के तहत लाभ पाने वाले किसानों की सूची फाइनल कर ली गई है। 17 अगस्त को पहले चरण के चयनित किसानों को ऋण माफी के प्रमाणपत्र बांटे जाएंगे। इस सूची में जिले के 7403 किसानों के नाम शामिल किए गए हैं। इस सूची को शासन स्तर से अनुमोदन मिल गया है।
आधार कार्ड के आधार पर हुआ चयन
प्रदेश सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों के एक लाख रुपये तक के ऋण माफ करने की घोषणा की है। इसके लिए बैंकों से डिटेल मंगाकर सर्वे किया गया। इसमें झांसी जिले के करीब 1.35 लाख किसान पात्रता की श्रेणी में माने गए। शासन ने तय किया कि पहले उन किसानों को लाभान्वित किया जाए जिनके पास आधारकार्ड हैं। इस पर सभी किसानों के आधारकार्ड तलब किए गए। इसमें से 25000 किसान आधार कार्ड धारक पाए गए। उप जिलाधिकारी द्वारा कराए गए सत्यापन उपरांत 7100 किसान सेल्फ डिक्लरेशन के कारण पहली सूची से बाहर हो गए। बाकी बचे किसानों में से महज 7403 किसान ही पहले चरण की पात्रता हासिल कर सके हैं। इसमें से 1325 किसानों के आधार कार्ड, खाता नंबर एवं मोबाइल नंबर अपलोड कर दिए गए हैं। सात हजार किसानों की फीडिंग अभी हो रही है लेकिन सभी को पहले चरण में लाभान्वित नहीं किया जाएगा।
इन्हें मिलेगा दूसरे चरण में लाभ
मुख्य विकास अधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने बताया कि शासन ने पासवर्ड उपलब्ध करा दिया है और जिला स्तरीय समिति ने पहले चरण के पात्र किसानों की सूची शासन को भेजकर प्रमाणपत्र भेजने की संस्तुति की है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में उन किसानों को लाभान्वित किया जाएगा जो पहले चरण में वंचित रह गए या जिनके पास आधारकार्ड नहीं हैं। हालांकि सभी किसानों के आधार कार्ड बनवाने के लिए ब्लॉक व तहसील स्तर पर आधारकार्ड मशीन लगवा दी गई हैं। जल्द ही कैंप भी लगवाकर आधार कार्ड बनवाए जाएंगे।
Published on:
11 Aug 2017 08:44 am

बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
