
रूस में INDIAN ARMY ने दिखाया जलवा, पहला द्वार भेदा
झांसी. झांसी के बबीना सैन्य क्षेत्र में प्रशिक्षित INDIAN ARMY की टीम ने रूस में चल रही टैंक बायथलॉन प्रतियोगिता में जलवा दिखाते हुए पहले द्वार को पार कर लिया है। 19 टीमों में से चौथा स्थान हासिल कर इंडियन आर्मी की टीम दूसरे चरण में पहुंच गई है। इस प्रतियोगिता के दूसरे चरण में भारत अन्य 11 टीमों से प्रतिस्पर्धा करेगा, जिसमें टैंकों की रिले-रेस होगी।
इस तरह की है प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में 12 देशों की टीमें अगले तीन दिन तक वास्तविक युद्ध परिस्थितियों का अनुकरण करते हुए, ट्रैक पर टैंक चलाते हुए व फायरिंग करते हुए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगी। रिले-रेस में टैंक-हथियारों द्वारा, अचानक सामने आने वाले लक्ष्यों को भेदते हुए और 48 किलोमीटर की दूरी में बाधाओं को पार करते हुए, एक टीम के सभी तीन चालन-दल भाग लेंगे, जिसमें टैंक की भूमिका एक बैटन की होगी। द्वितीय चरण की शीर्ष तीन टीमें प्रतिस्पर्धा के अंतिण चरण में प्रवेश करेंगी, जो कि 12 अगस्त 2017 को होगी और इसके बाद अन्तर्राष्ट्रीय सैन्य खेल 2017 का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
19 देशों की टीमें हैं शामिल
इस साल, इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्व भर से 19 देशों की टीमों ने टैकों पर अपनी क्षमता, निपुणता और सहनशीलता का परिचय दिया। प्रथम चरण में शीर्ष पांच स्थान हासिल करने वाली टीमें रुस, भारत, चीन, बेलारुस और कजाखस्तान हैं। टैंक बायथलन प्रतियोगिता एक अन्तर्राष्ट्रीय आयोजन है, जो 2013 के बाद से हर साल अन्तर्राष्ट्रीय सेना खेलों के अन्तर्गत अलाबिनों रेंज रुस में आयोजित की जाती है। अन्तर्राष्ट्रीय सेना खेलों में कुल 28 कार्यक्रम पांच देशों में आय़ोजित किए जाते हैं, जिसमें रुस, बेलारुस, अजबैजान, कजाखस्तान और चीन है। भारतीय सेना की टीम पिछले तीन सालों से इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता में पिछले साल 2016 में कुल 17 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें भारतीय सेना ने छठवां स्थान प्राप्त किया था। इस साल पहली बार टीम खुद के टी-90 टैंकों के साथ भाग ले रही है, जो समुद्र के रास्ते रुस भेजे गए हैं।
सैन्य साजो सामान और बैंड प्रदर्शनी 12 अगस्त को
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झांसी छावनी के हाथी मैदान (लाल कुर्ती बाजार के पास) पर 12 अगस्त को सुबह दस से तीन बजे तक व्हाइट टाइगर डिवीजन द्वारा एक सैन्य एवं बैंड प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण सैन्य बैंड प्रदर्शनी होगा, जिसमें सैन्य बैंड विभिन्न मार्शल धुनों पर मार्च करेगा। इसके अलावा सैन्य उपकरण प्रदर्शनी जिसमें आर्टीलरी गन, टैंक, वायुरक्षक हथियार, छोटे हथियार और अन्य उच्च तकनीक उपकरण प्रणाली का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों और कालेजों के छात्रों के साथ साथ नागरिकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
Published on:
11 Aug 2017 08:05 am

बड़ी खबरें
View Allझांसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
