झांसी

4 महीने पहले शादी करके लाए, अब नाखून उखाड़े और जहर पिला दिया; क्यों?

उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर बेटी के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। नवविवाहिता की 4 महीने पहले शादी हुई थी। उसके बाद दहेज की मांग पूरी न होने की वजह से यातनाएं सहनी पड़ी। इलाज के दौरान महिला ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया है।

2 min read
Oct 17, 2023
शादी में ली गई दिव्या की फोटो।

यूपी के झांसी में गंभीर रूप से घायल एक नवविवाहिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालजन उसका उत्पीड़न करते थे। उत्पीड़न से तंग आकर युवती ने फोन किया तो भाई उसको लेने के लिए ससुराल गया। आरोपियों ने उसके सामने ही मारपीट की। आरोप लगाया कि कमरे के अन्दर बन्द कर उसके नाखून उखाड़ दिए और जहर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।

फोन पर दी थी मारपीट की सूचना

थाना समथर के ग्राम छेंवटा निवासी ग्यासी रायकवार ने बताया कि उसकी पुत्री दिव्या उर्फ विद्या (20) की शादी 4 जून 2023 थाना बरुआसागर क्षेत्र के ग्राम खडेसरा निवासी अशोक रायकवार से हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करते चले आ रहे थे। मांग पूरी न होने पर पुत्री के साथ मारपीट करते थे। शनिवार को पुत्री दिव्या ने फोन कर मारपीट करने की सूचना दी, जिस पर पुत्र सचिन और 13 वर्षीय नातिन रोहिणी को ग्राम खड़ेसरा भेजा। सचिन ने दिव्या को साथ भेजने को कहा, लेकिन ससुराल वालों ने भेजने से मना कर दिया। सचिन से बोले कि अपने पिता को बुलाओ और दिव्या को हमेशा के लिए अपने घर ले जाओ। ग्यासी ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र से सुबह आने की बात कहीं, जिस पर पुत्र वहीं पर रिश्तेदारी में रुक गया। नातिन रोहिणी दिव्या के पास रुक गई।


हाथ के उखड़े थे दो नाखून

रात को पति अशोक ने पुत्री दिव्या से गोदरेज की चाबी मांगी, जिस पर उसने देने से मना कर दिया। इस पर अशोक ने उसको बहुत पीटा। नातिन ने विरोध किया तो उसको पीटकर कमरे से बाहर निकाल दिया। वह भागते हुए रिश्तेदारी में पहुंची। वहां से भाई और रिश्तेदार आए तो कमरा बन्द था। पुत्र और रिश्तेदारों ने किसी तरह से दरवाजा खुलवाया तो ससुराल वाले धक्का देकर भाग गए। पुत्री बेसुध पड़ी थी, जबकि उसके एक हाथ के दो नाखून भी उखाड़े गए थे। पिता ग्यासी ने बताया कि घायल पुत्री को उपचार के लिए मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उनका आरोप है कि मारपीट के दौरान ससुराल वालों ने ही जहर पिलाकर हत्या कर दी।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी साफ

पूरे मामले पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष ने तहरीर दी है। जिसमें जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। उसके अनुसार ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
17 Oct 2023 09:31 am
Also Read
View All

अगली खबर