3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जय श्रीराम के नारों के बीच राम ने संभाली महानगर की सत्ता

58 सभासदों ने भी ली शपथ, दो महिला सभासद रहीं अनुपस्थित

2 min read
Google source verification
oath ceremony of newly elected mayor and members of jhansi nagar nigam

झांसी। शपथ ग्रहण समारोह का नजारा।

झांसी। नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर रामतीर्थ सिंघल ने ऐतिहासिक किले के मैदान में बने मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित समारोह में जय श्रीराम के नारों के बीच शपथ ग्रहण करके महानगर की बागडोर संभाल ली। बाद में उन्होंने 58 सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह में दो महिला सभासद शपथ लेने नहीं पहुंच सकीं। अब उन्हें बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
नगर निगम के मेयर एवं सभासदों का शपथग्रहण समारोह निर्धारित समय से करीब आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ। समारोह में नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने अधिसूचना प्रस्तुत की। उन्होंने नव निर्वाचित मेयर रामतीर्थ सिंघल को परंपरागत गाउन पहनाया। इसके बाद मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने महापौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करते ही पंडाल जय श्रीराम के नारे से गूंज उठा। इसके बाद मेयर को शक्ति का प्रतीक चांदी का गदा भेंट किया गया। बाद में मेयर ने सभासदों को शपथ ग्रहण कराई। चार चरणों में सभासदों ने शपथ ग्रहण की।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ला, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, अंतर्राष्ट्रीय बौद्य शोध संस्थान के उपाध्यक्ष हरगोविंद कुशवाहा, विधायक बिहारीलाल आर्य, विधायक जवाहरलाल राजपूत, पूर्व मंत्री रवींद्र शुक्ल, पूर्व सभापति विधान परिषद कुंवर मानवेंद्र सिंह, पूर्व महापौर डा. बी लाल एवं किरन वर्मा, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष डा. धन्नूलाल गौतम, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी, पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार, प्रियांशु डे, बृजबिहारी सोनी, सुधीर सिंह, तरुण साहू सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
इन दो महिला सभासदों ने नहीं ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह से दो महिला सभासद नदारद रहीं। दो चरण समाप्त होने के बाद जब अन्य सभासदों को शपथ ग्रहण के लिए बुलाया गया तो पता चला कि वार्ड नंबर 37 की सभासद भगवती देवी कुशवाहा एवं वार्ड नंबर 54 की सभासद रमा अनुपस्थित हैं। इन दोनों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी।
मेयर ने संभाला कार्यभार
शपथ ग्रहण के बाद मेयर रामतीर्थ सिंघल नगर निगम गए और औपचारिक रूप से पदभार संभाला। नगर आयुक्त ने उनका स्वागत किया। मेयर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने कक्ष और सभागार का अवलोकन किया। इस दौरान कई सभासदों ने उन्हें प्रस्ताव भी दिए, जिन्हें बैठक में रखने का आश्वासन दिया गया।
भगवा कपड़ों आए सभासद
चुनाव के दौरान एक तरफ जहां महापौर प्रत्याशी के रूप में रामतीर्थ सिंघल अधिकांश समय नारंगी रंग की जैकेट पहने नजर आते थे, वह आज काली जैकेट में दिखे। इसके उलट अधिकांश सभासद भगवा रंग के कपड़े पहनकर आए। पुरुष सभासद जहां भगवा कुर्ता पहने थे, वहीं महिलाएं नारंगी रंग की साड़ी या सूट में आईं।

Story Loader