
झांसी. सरकार की महत्वाकांक्षी सुकन्या समृद्धि योजना के खातों को खोलने के लिए विभाग द्वारा झांसी मंडल को एक महीने में 50 हजार खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया। जिसके चलते डाक विभाग के हर कर्मचारी का लक्ष्य तय कर दिया गया है। मंडल के झांसी, ललितपुर व जालौन जिले में तीन प्रधान डाकघर, 75 उपडाकघर व 534 शाखा डाकघरों में लगभग 80 हजार सुकन्या खातों को संचालित किया जा है।
सरकार के आदेशानुसार झांसी मंडल को एक माह के भीतर ही पचास हजार खातों को खोलने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसके चलते विभाग द्वारा मंडल के सभी डाकघरों व कर्मचारियों के लक्ष्य दिया गया है। बड़े पोस्ट आफिसों को पचास, छोटे पोस्ट ऑफिसों को बीस खातों को खोलने के साथ ही प्रत्येक कर्मचारियों को पांच खाते खोलने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मंडल के प्रत्येक डाकिया को तीस खाते खोलना अनिवार्य किया गया है।
यह है योजना
- सुकन्या समृद्धि योजना का खाता न्यूनतम ढाई सौ रुपए से खोला जा सकता है।
- योजना में 7.6 फीसदी की ब्याज दर तय है।
- खाते में न्यूनतम ढाई सौ रुपए एवं अधिकतम डेढ़ लाख रुपए तक जमा किए जा सकते हैं।
- खाते की परिपक्वता अवधि 21 वर्ष है और खाते में धनराशि को 15 वर्ष तक के लिए जमा किया जा सकता है।
- बालिका की आयु 18 वर्ष पूरी होने पर खाते से पचास फीसदी धनराशि को निकाला जा सकता है।
प्रवर डाक अधीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि बालिकाओं को योजना का अधिक से अधिक लाभ देने के लिए मंडल के सभी डाकघरों को पचास हजार खाते खोलने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसके तहत विभाग के सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Published on:
23 Sept 2021 11:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
