Jhansi News : 12 साल पहले एक महिला कर्मचारी की उन्नाव में सिंचाई निर्माण खंड पंचम में नौकरी लगी थी। उस पर नंबरों के साथ हेराफेरी करने के आरोप सिद्ध हो गए। कोर्ट के आदेश पर उसे बर्खास्त कर दिया गया है।
Jhansi News : झांसी की मोठ तहसील के बम्हरौली की रहने वाली रजनी यादव सिंचाई विभाग से सेवाएं समाप्त हो गई है। उन पर टेस्ट में नंबरों के साथ हेराफेरी करने के आरोप लगे थे। न्यायालय में स्टे वैकेट होने के बाद विभाग ने यह कार्यवाही की है। मालूम हो कि झांसी की रहने वाली इस महिला कर्मचारी की नियुक्ति उन्नाव जिले में हुई थी, जबकि इस समय वह सिंचाई निर्माण खण्ड पंचम में तैनात थी और लगभग 12 वर्ष से नौकरी कर रही थी।
जांच में ओवरराइटिंग की हुई पुष्टि
समाजवादी पार्टी की सरकार में मोठ के बम्हरौली निवासी रजनी यादव की उन्नाव जिले में सिंचाई विभाग में नौकरी लगी थी। उनकी नौकरी उसी समय विवादों में आ गई थी। शिकायत की गई कि टेस्ट में रजनी यादव के नंबरों के साथ छेड़छाड़ की गई। सिंचाई विभाग ने इसकी जांच कराई, जिसमें आंसर शीट में नंबरों के साथ ओवरराइटिंग की पुष्टि हो गई। इसके बाद सिंचाई विभाग ने उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्यवाही कर दी।
रजनी ने ली थी न्यायालय की शरण
इस मामले को लेकर रजनी यादव ने न्यायालय की शरण ली और स्टे मिल गया। इसके बाद से वह स्टे पर सिंचाई विभाग में सेवा देती रहीं। उन्नाव से उनका स्थानान्तरण झांसी बेतवा प्रखण्ड में हो गया और फिर सिंचाई निर्माण खण्ड पंचम में तैनाती मिल गई, लेकिन पिछले दिनों न्यायालय से उनके स्टे की अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद सिंचाई विभाग उन्नाव ने सिंचाई निर्माण खंड पंचम को पत्र भेजकर रजनी यादव की सेवा समाप्त की जानकारी दी, जिसके बाद झांसी में उन पर कार्यवाही की गई।
पति पर लगा रूम कब्जाने का आरोप
उन्नाव से झांसी ट्रांसफर होकर आई रजनी यादव के पति पर विभाग का रूम कब्जा करने का आरोप लगा था। बताया गया है कि उन्होंने सिंचाई निर्माण खण्ड द्वारा बनाए गए एक कक्ष का ताला तोड़कर उस पर कब्जा कर लिया था। सपा सरकार में किए गए इस जबरन कब्जे को खाली कराने में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट गए थे।