
शादी के बाद 29 दिन ही ससुराल में रही युवती, और अब फोन पर ही कह दिया तलाक-तलाक-तलाक
झांसी। मोदी सरकार द्वारा बनाए गए कानून के बावजूद तीन तलाक के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला झांसी में भी हुआ। इसमें शादी के एक साल बाद तीन लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर पति ने फोन पर ही पत्नी को तीन बार तलाक कहकर तलाक दे दिया। इसके साथ ही फोन पर ही गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस पर युवती ने सारी बात अपने घर वालों को बताई। इसके बाद थाने में युवती ने पति समेत ससुरालवालों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर एक साथ तीन तलाक देने, गालीगलौज करने और दहेज उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ये है मामला
जिले के एरच कस्बे की रहने वाली हुमा परवीन की शादी सन् 2018 में प्रेम नगर झांसी निवासी आमिद खां से हुई थी। वह बाइक का मिस्त्री है। शादी के बाद लड़की 29 दिन ही अपनी ससुराल में रही। पति और ससुराल वालों ने दहेज में तीन लाख रुपये की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इससे आजिज आकर वह अपने मायके आ गई। उसके बाद से वह ससुराल नहीं गई। युवती ने पति और ससुराल वालों को बताया कि हमारे पिता अनवर खां की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए वह उनकी मांग पूरी नहीं कर सकते हैं। इसके बाद भी वह लोग नहीं माने। पति अक्सर फोन पर धमकाता रहता था। अभी फिर एक दिन पति ने फोन किया। इस पर युवती उसकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इससे नाराज होकर उसने तीन तलाक दे दिया। कानूनी कार्रवाई की बात कहने पर उसने गालीगलौज और धमकी भी दी। इस पर उसने सारी बात अपने पिता को बताई। इसके बाद पिता उसे थाने ले गए। थाने में युवती ने पति आमिद खां, ससुर इश्तियाक खां, सास हुस्ना बेगम, चचिया ससुर जाकिर खां के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
2 Sep 2019, 5:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.