
एक ही चिता पर देवरानी-जेठानी व बहू का अंतिम संस्कार
पचलंगी/ गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं ).
मनसा माता की पहाड़ी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में गिरने से जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं का अंतिम संस्कार भी हृदय विदारक रहा। मणकसास गांव के राजीवपुरा ढाणी अगली में मंगलवार को पांच शव एक साथ पहूंचे तो हर कोई रो पड़ा। गांव में चार महिलाओं का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। इनमें तीन देवरानी-जेठानी और एक उनके जेठ के बेटे की पत्नी है। वहीं हादसे में मारे गए गांव के एक मासूम को दफनाया गया। इस दौरान हर किसी का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
खाई में गिरी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मृतक एक ही परिवार के सदस्य
मनसा माता की पहाड़ी पर सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थीं। मरने वाले सभी एक ही परिवार के हैं। इनमें से छह का मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंप दिए गए। राजीवपुरा में पांच अर्थियां एक साथ उठीं। वहीं एक मृतका सुमन का अंतिम संस्कार उसके ससुराल गणेश्वर में किया गया। हादसे के बाद राजीवपुरा गांव शोक में डूबा था। गांव में एक ही घर से पांच अर्थियां एक साथ उठी तो कोहराम मच गया। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार के लोगों को संभालने में लगे रहे। बाद में गमगीन माहौल में सभी का अंतिम संस्कार किया गया।
इनका एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
गांव में चार महिलाओं का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। इनमें गोठी देवी (35 ), धोली देवी (25 ) और सुंदरी देवी (22) तीनो देवरानी-जेठानी हैं। चौथी मृतका कमलेश जेठ के बेटे की पत्नी है। यह सभी साथ में मनसा माता के आयोजित यज्ञ में शामिल होने गए थे। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सुंदरी के पुत्र महेश ने सभी को मुखाग्नि दी।
नवजात ने बचाई मां की जान
हादसे में डेढ़ साल के मासूम निखिल पुत्र मुकेश की मौत हो गई। वह अपनी दादी बनारसी के साथ मनसा माता के गया था। निखिल की मां ने एक महीने पहले ही बच्चे को जन्म दिया है। इसलिए वह घर पर ही थीं। दादी बनारसी देवी हादसे में घायल हो गई। उसका जयपुर में इलाज चल रहा है।
दो रोज पहले अपने पीहर आई थीं सुमन
हादसे में मृतका सुमन पुत्री प्रहलाद की पांच साल पहले गणेश्वर में शादी हुई थी। सुमन के दो बच्चे हैं। सुमन दो रोज पहले ही अपने पीहर राजीवपुरा आई थी। सुमन को ससुराल गणेश्वर में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
मां बेटे का नहीं हो सका पोस्टमार्टम
उदयपुरवाटी. परिजन की सहमति नहीं होने के कारण उदयपुरवाटी निवासी सुनीता देवी पत्नी रोहिताश सैनी व उसके दो साल के बेटे सूर्य का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजन का कहना था जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस दौरान अस्पताल में धरना शुरू कर दिया गया। बाद में पालिकाध्यक्ष रामनिवास सैनी, दौलत सैनी ने राज्यमंत्री राजेन्द्र गुढा को परिजन की मांग से अवगत करवाया। इस पर मंत्री गुढा ने कि कहा कि उनकी तरफ से आर्थिक सहायता की जा चुकी है। आगे जितनी मदद होगी की जाएगी। लेकिन शाम तक कोई सहमति नहीं बनी।
Published on:
31 May 2023 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
