
काठमांडू में मारवाड़ियों के भवन में लगाई आग से जले वाहन। Photo- Patrika
झुंझुनूं। नेपाल में आक्रोशित युवाओं ने काठमांडू में झुंझुनूं, सीकर, चूरू समेत पूरे राजस्थान के निवासियों के सहयोग से बनाए जा रहे मारवाड़ी सेवा परिषद के भवन को भी आग लगा दी। साठ करोड़ नेपाली रुपए की कीमत से यह भवन अठारह मंजिल का बनाया जा रहा है। इसकी बारह मंजिल बन चुकी। नीचे निर्माण कार्य चालू था, लेकिन मंगलवार को उपद्रवियों ने इसे आग के हवाले कर दिया।
झुंझुनूं निवासी राजेन्द्र केडिया व अन्य ने बताया कि पूरे नेपाल में मारवाड़ी व्यक्ति अपना कारोबार करने के साथ ही जनसेवा के कार्य करते हैं। इसी मकसद से मारवाड़ी सेवा परिषद का भवन बनाया जा रहा है।
यह राजधानी काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर के निकट बत्तीस पुतली जगह पर बनाया जा रहा है। इस आग से भवन में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा भी अनेक भवनों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आग लगा दी है।
केडिया व अन्य ने बताया कि पशुपतिनाथ मंदिर के सामने मारवाडियों ने मिलकर गोशाला, गेस्ट हाउस व अस्पताल बनवा रखा है। इस अस्पताल में डायलिसिस की अनेक मशीनें है। यहां हर दिन औसत सत्तर मरीजों की निशुल्क डायलिसिस की जाती है।
इसे भी जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इसका सबसे ज्यादा फायदा नेपाल के मूल निवासियों को होता था। इसके अलावा यहां निशुल्क कृत्रिम अंग लगाए जाते हैं। उसे भी जलाकर नष्ट कर दिया। इसी परिसर में गोशाला है, उसे भी नुकसान पहुंचाया गया है। वहां रखे वाहनों को भी आग लगा दी गई है।
नेपाल में रह रहे झुंझुनूं के अनिल टीबडा व अन्य ने बताया कि काठमांडू के कमल पोखरी इलाके में पांच सितारा होटल राजस्थान के कारोबारी का था, इसे भी पूरी तरह जला दिया गया है। अनेक इलाकों में आवागन बंद हैं।
Updated on:
11 Sept 2025 01:01 pm
Published on:
11 Sept 2025 01:00 pm

बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
