वृंदावन का नाम सुनते ही मथुरा के पास स्थित भगवान कृष्ण की क्रीड़ा स्थली वृंदावन का ध्यान आता है। लेकिन राजस्थान के झुंझुनूं जिले में भी एक वृंदावन है जो कान्हा के भक्तों को अपनी ओर खींच ले आता है। जिले के भड़ौंदा कलां गांव के पास शेखावाटी की भागीरथी कही जाने वाली काटली नदी के पाट के पास बना है ये वृंदावन धाम। इस धाम में भी भगवान कृष्ण का मनमोहक स्वरूप बिहारीजी के रूप में राधाजी के साथ विराजमान है। इस धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल के रुप मे विकसित करने के लिए यहां की संस्थाएं लगी हुई है। निधिवन के रूप में यहां जीव- जंतुओं के स्टेच्यू लगाकर और बगीचे स्थापित कर मनमोहक स्थान बनाया जा रहा है। पंचपेड़ के आगे से लेकर बिहारी जी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर फव्वारें लगाकर धाम को सुंदरता प्रदान की गई है। भाद्रपद में जन्माष्टमी और बाबा पुरुषोत्तम दास के जन्मोत्सव पर यहां बड़े आयोजन होते हैं। सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।