झुंझुनू

जानें, झुंझुनूं में अगले तीन दिन कैसा रह सकता है मौसम , कब आएगा मानसून  

अनेक किसानों के मोबाइल पर टेक्सट मैसेज आ रहे हैं। इनमें लिखा हुआ है कि 26 जून 2025 से पहले मानसून आने की 85 प्रतिशत संभावना है।

2 min read
Jun 13, 2025
झुंझुनूं में बूंदाबांदी के बाद एकत्रित पानी।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शुक्रवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह तेज धूप रही। दोपहर में सड़कें भट्टी जैसी तपती रही। पारा 45.4 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं देर शाम गुढ़ागौड़जी सिंघाना व पिलानी क्षेत्र में अनेक जगह हल्की बरसात हुई। सिंघाना क्षेत्र में लगातार पड़ रही भीषणा गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों ने शुक्रवार को राहत मिली है। करीब तीन बजे मौसम ने करवट ली और कस्बे व आस-पास के क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हुई। बरसात के दौर करीब 10 मिनट तक चला। जिससे लोगों ने गर्मी में राहत की सांस ली। बरसात की ठंडी-ठंडी बूंदों ने भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी। इसी प्रकार पिलानी क्षेत्र में शुक्रवार को गर्मी परवान पर रही। सुबह के साथ ही गर्मी का कहर शुरू हुआ जो दोपहर तक जारी रहा। दोपहर बाद अचानक बदले मौसम से लोगों को राहत मिली। दोपहर में क्षेत्र में हल्की बौछारों के साथ हवा चली। हवा चलने से गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग का अनुमान

वहीं मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने और बंगाल की खाडी से आने पूर्वी हवाएं सक्रिय होने से मानसून के मध्य भारत की ओर बढ़ने के अनुकूल हालात बन गए हैं। चौबीस घंटे के दौरान जयपुर सहित कई संभागों में प्री मानसून की गतिविधियां बढ़ेगी और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी। झुंझुनूं जिले में अगले तीन दिन चौदह से सौलह जून 2025 के बीच कहीं-कहीं हल्की बरसात की संभावना है। मेघगर्जन भी होगा। तापमान में भी गिरावट होगी। पिलानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री व न्यूनतम 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मानसून के मैसेज भी आ रहे

इसके अलावा अनेक किसानों के मोबाइल पर टेक्सट मैसेज आ रहे हैं। इनमें लिखा हुआ है कि 26 जून से पहले मानसून आने की 85 प्रतिशत संभावना है।

Also Read
View All

अगली खबर