
विधायक ने बताया यहां वसूला जा रहा है गुंडा टैक्स
उदयपुरवाटी पंचायत समिति की साधारण सभा में विधायक भगवानाराम सैनी ने क्षेत्र में हो हो रहे अवैध खनन, अवैध वसूली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल से क्षेत्र में अवैध वसूली का खेल खूब चल रहा है। इसे यहां की आम भाषा में गुंडा टैक्स भी बोलते हैं। जिस भी वाहन चालक ने ये गुंडा टैक्स नहीं दिया, उस वाहन को सौ मीटर भी चलने नहीं दिया गया। अगर वाहन चालक ने गुंडा टैक्स दे दिया तो उसे झुंझुनूं तक किसी ने भी नहीं रोका। वर्तमान में भी इसमें कोई सुधार नहीं हुआ है। आज भी वाहन चालकों से गुंडा टैक्स वसूला जा रहा है।
विधायक भगवानाराम सैनी ने कहा कि यहां लूट का खेल खूब चल रहा है। अवैध रूप से बजरी का खनन किया जा रहा है। अवैध रूप से रॉयल्टी वसूली जा रही है। इस संबंध में खनन विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवाया है। लेकिन अभी कोई जबाब नहीं मिला है। क्षेत्र में अवैध खनन अवैध वसूली गंभीर विषय है। क्षेत्र में हो रही वसूली के पीछे कोई बड़ा गिरोह है। वर्तमान में भी अवैध वसूली हो रही है और अवैध वसूली का पैसा कहां जा रहा है, पता नहीं। विधायक ने कहा कि बजरी के अवैध खनन की तरह वन क्षेत्र में पत्थरों का भारी मात्रा में अवैध खनन हुआ है। रात्रि में सौ-सौ डंपर पांच साल से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव का व्यक्ति को पत्थर की आवश्यकता होती तो वह बाहर से लाएगा नहीं। वह अपने गांव की पहाड़ी से ही लाते हैं। गांव के लोगों के तो पीछे पडक़र उन्हें तो बंद करवा दिया लेकिन जो अवैध रूप से लूट कर रहे है। उन लोगों के वाहन आज भी चल रहे हैं। विधायक ने एसडीएम को कार्रवाई करने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि काटली नदी में आज भी पचास पचास एलएनटी चल रही है। काटली नदी में जहां जहां बजरी का अवैध खनन चल रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई करे। एसडीएम कल्पित शिवरान ने कहा कि मामला आज ही उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच करते हुए अवैध खनन व अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल्टी का ठेका सितम्बर में समाप्त अब स्टॉक के नाम से वसूल रहे रॉयल्टी
पंचायत समिति बैठक में पंचायत समिति सदस्य बसंत चौधरी ने कहा कि रॉयल्टी वसूली का ठेका सितम्बर माह में समाप्त हो चुका है। लेकिन संबंधित की ओर से माईनिंग विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत करके स्टॉक के नाम वाहनों से अवैध वसूली कर रहे है। सदस्य ने अवगत करवाया कि संबंधित फर्म की ओर से नेवरी, ताल और मणकसास में स्टॉक दिखाया गया है। लेकिन पटवारी की मौका रिपोर्ट के अनुसार इन जगहों पर कोई स्टॉक नहीं है। खनन करके अवैध रूप से रॉयल्टी वसूली जा रही है। जिस विधायक भगवानाराम सैनी ने कहा कि वे इस संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों से बात कर चुके है। लेकिन आज तक कोई जबाब नहीं है। अवैध खनन, अवैध वसूली का मुद्दा विधानसभा में उठाएंगे और पांच साल हो रही वसूली की जांच करवाई जाएगी।
पांच से एक ठेकेदार को दे रखा है सिक्योरिटी गार्ड ठेका
बैठक में सीथल सरपंच ने मुद्दा उठाया कि पिछले पांच से लगातार एक ठेकेदार को सिक्योरिटी गार्ड ठेका दे रखा है। पंचायत की ओर से भुगतान करने के बाद भी बार बार नोटिस भेजा रहा है। सरपंच संजय नेहरा ने कहा कि टेण्डर के अनुसार सिक्योरिटी गार्ड का वेतन 8044 तय किया गया था। लेकिन ग्राम पंचायतों को साढे तेरह हजार रूपए का बिल भेजा रहा है। विकास अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी में एक सरपंच और एक पंचायत समिति सदस्य को भी शामिल किया जाएगा।
पंचायतों का भुगतान नहीं करने पर विधायक ने की नाराजगी प्रकट
बैठक में ग्राम पंचायतों के सरपंचो ने मुद्दा उठाया कि ग्राम पंचायतों की ओर से काम करवाने के बावजूद उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। बाघोली सरपंच जतन किशोर सैनी ने कहा कि तीन साल पहले मोडल शौचालय का निर्माण करवाया था। लेकिन उसका भुगतान पंचायत को आज तक नहीं किया गया है। इसके अलावा अन्य सरपंचों ने भी भुगतान नहीं करने का मुद्दा उठाया। जिस पर विधायक भगवानाराम सैनी ने नाराजगी प्रकट करते हुए कि इसका जो भी जिम्मेदार हो उसको नोटिस दिया जाए और एक अगली बैठक से पहले सभी पंचायतों का बकाया भुगतान किया जाए। इसके अलावा विधायक ने कहा कि प्रत्येक महीने साधारण सभा की बैठक होगी। जिसके लिए एक निश्चित तारिख तय की जाए। इसके साथ उन्होंने विकास अधिकारी लक्ष्मण नारायण मीणा को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी होनी चाहिए। इसके अलावा बैठक में किसानों को सुबह चार बजे की बजाय सुबह छह बजे से बिजली देने, विद्युत कटौती बंद करने, डीपी चोरी करने, ग्राम पंचायतों में सीसी टीवी कैमरे लगाने, जल जीवन मिशन के तहत योजना के ट्यूबवैलों के काटे गए कनेक्शन वापस जोडऩे, पेयजल की समस्या का समाधान करने सहित अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा हुई।
Published on:
9 Jan 2024, 6:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.