5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

World Aids Day : झुंझुनूं में एचआइवी से हर महीने एक की मौत

जिले में रोगियों के बढ़ने के पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित विदेश में जाकर नौकरी-पैसा करने वाले हैं। दूसरा नंबर ट्रक समेत अन्य बड़े वाहनों के चालक-परिचालक हैं तथा तीसरा कारण कइयों से शारीरिक संबंध बनाना है।

2 min read
Google source verification
World Aids day

एचआइवी संक्रमण की वजह से जिले में एड्स रोगियों की संख्या बढ़ रही है। जागरूकता की कमी और समय पर इलाज नहीं लेने की वजह से एचआइवी संक्रमित दम तोड़ रहे हैं। बीते एक दशक के दौरान झुंझुनूं जिले में बढ़ी एड्स रोगियों की संख्या चिंताजनक है। बीते दस साल के दौरान जिले में 2080 रोगी सामने आ चुके हैं और इनमें 422 की मौत हो चुकी है। जिले में कई ऐसे भी मरीज हैं, जिन्होंने जांच नहीं कराई और उनकी मौत हो गई।

औसत हर महीने मर रहा एक मरीज

एचआइवी संक्रमित मरीजों के बढ़ते आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि साल दर साल कितने रोगी बढ़ रहे हैं। जानकारों की मानें तो बीते एक साल के दौरान जिले में 59 नए एचआइवी संक्रमित रजिस्टर्ड हुए हैं। बीडीके अस्पताल के एआरटी सेंटर में वर्तमान में 1264 एक्टिव मरीज हैं, जो यहां से नियमित रूप से दवा ले रहे हैं। जबकि पहले से दवा ले रहे 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि अस्पताल के अलावा भी इलाज ले रहे हैं। जिले में हर महीने औसतन एक मरीज की इस बीमारी से मौत हो रही है। एआरटी सेंटर से दवा लेने वालों में अनेक ऐसे मरीज हैं जो बीमारी को छुपाते हैं। बीमारी को छुपाने के सबसे ज्यादा मामले पति और पत्नी के बीच के हैं। जांच के दौरान अगर पत्नी एचआइवी पॉजिटिव निकल आती है तो वह डॉक्टरों व सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों से मना करती है कि उनके पति को यह नहीं बताया जाए और अगर पति एचआइवी पॉजिटिव निकल जाता है तो वह पत्नी को नहीं बताने के लिए डॉक्टर व नर्सिंगकर्मियों को मना करता है। एआरटी सेंटर में इलाज ले रहे आधा दर्जन ऐसे मामले हैं। इसके अलावा अनेक ऐसे लोग भी हैं जो अपने परिवार में किसी को नहीं बताते हैं। हालांकि अस्पताल प्रबंधन एचआइवी संक्रमित की पहचान सार्वजनिक नहीं करता है। लेकिन पति-पत्नी जैसे रिश्ते में बतौर सावधानी एक-दूसरे को जानकारी होना जरूरी होता है। पति-पत्नी के अलावा अगर कोई संक्रमित है तो उसके परिवार में मां-बाप या किसी जिम्मेदार को उसके इलाज में सहायता के लिए पूछा जाता है। ये मरीज की सहमति पर निर्भर होता है।

इस कारण से बढ़ रहे रोगी

जिले में रोगियों के बढ़ने के पीछे कई कारण सामने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित विदेश में जाकर नौकरी-पैसा करने वाले हैं। दूसरा नंबर ट्रक समेत अन्य बड़े वाहनों के चालक-परिचालक हैं तथा तीसरा कारण कइयों से शारीरिक संबंध बनाना है।

एक्सपर्ट व्यू: नियमित इलाज और डाइट लेना जरूरी

एचआइवी संक्रमित को नियमित रूप से इलाज और डाइट का लेना जरूरी है। अगर कोई एचआइवी संक्रमित नियमित दवा लेकर इलाज और अच्छी डाइट ले रहा है तो लंबा जीवन जी सकता है। चिकित्सकों से समय-समय पर परामर्श लेते रहे। पॉजिटिव आने के बाद यौन संबंध स्थापित करने से पहले पूरी सावधानी बरतें। बहुत से ऐसे पॉजिटिव हैं जो नियमित इलाज और बेहतर डाइट लेने से लंबा जीवन जी रहे हैं। जिले में एक साल में 59 नए रोगियों का मिला चिंताजनक है।

-डॉ. राजवीर राव, पीएमओ बीडीके अस्पताल झुंझुनूं