झुंझुनूं. राजस्थान पत्रिका के स्थापना दिवस पर झुंझुनूं में आयोजित धमाल कार्यक्रम में शेखावाटी के प्रसिद्ध कलाकारों ने एक से बढ़कर एक होली के गीत व धमाल पेश कर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। शेखावाटी सांस्कृतिक कला मंदिर के निदेशक सोहनलाल तंवर के नेतृत्व में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी तो हर कोई फाल्गुन के उल्लास में डूब गया। इस दौरान बिसाऊ के भजन गायक श्रीकिशन स्वामी ने भी उनका जमकर साथ दिया। स्वामी ने लहरियो तो ल्यादो गोरी का साहिबा…सुना कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
राजस्थान पत्रिका व एसएस मोदी स्कूल की ओर से आयोजित धमाल 2023 कार्यक्रम में शहरवासी उमड़े। रोड नंबर दो पर एसएस मोदी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित हुए इस कार्यक्रम के लिए लोग समय से पहले ही पहुंचना शुरू हो गए। देर रात तक शेखावाटी सांस्कृतिक कला मंदिर के कलाकारों ने रंग बिरंगी लाइटों की चकाचौंध में चाल चंदा डागलिये पर गोरी-गोरी चांदनी…, गीगा सो जा मेरा लाल…, देवर म्हारो रे, हरयो रूमाल वालो…, पल्लो लटके गोरी को…जैसे गीतों के साथ एक से बढ़कर एक धमाल की प्रस्तुति दी तो हर कोई थिरकने को मजबूर हो गया। कलाकारों ने जब गींदड़ नृत्य प्रस्तुत किया तो शहरवासी भी अपने आप को नहीं रोक सके। नगाड़े और चंग की थाप और बांसुरी की धुन ने हर किसी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राजस्थान पत्रिका के सम्पादकीय प्रभारी युगलेश शर्मा, मार्केटिंग हैड के.के.कौशिक व कार्यक्रम समन्वयक सीए मनीष अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
सांसद नरेन्द्र कुमार, भाजपा उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया, राजेन्द्र भाम्बू, जिला कलक्टर लक्ष्मण कुड़ी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जगदीश गौड़ सहित कई नेता व अधिकारी मौजूद रहे।