
झुंझुनूं में संवाद करते मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश में सत्तर साल तक तुष्टीकरण व भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस के राज में सहायता राशि पर कट मनी लगती थी, अब पूरी राशि जनता के खाते में आती है। झुंझुनूं में कांग्रेस ने पचास साल तक नहर के नाम पर झूठे वादे किए, अब हमारी सरकार यमुना का पानी लाएगी। हम जनता से किया हर वादा निभाएंगे। गुरुवार 27 जून 2024 को लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम व सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झुंझुनूं से बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अभियान शुरू किया था, अब राजस्थान सरकार ने झुंझुनूं की पवित्र धरा से पेंशन बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा झुंझुनूं में आकर गर्व होता है, यह जवानों व किसानों की धरती है। चुनाव से पहले हमने वादा किया था कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढाई जाएगी। यह वादा हमने पूरा कर दिया है।
मुख्यमंत्री का इशारा था कि जब कांग्रेस का शासन था, तब जो राशि सरकार भेजती थी वह पीडि़त तक पूरी नहीं पहुंचती थी। तब राशि नकद में आती थी, कई बार कई अधिकारी इस राशि को डकार जाते थे। अब राशि सीधे बैंक खाते में आती है तो पूरी राशि मिलती है।
मुख्यमंत्री ने 88 लाख से ज्यादा पेंशनर्स के खाते में 1037 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि उनके खाते में हस्तांतरित की। इसके बाद लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने संवाद में कहा कि पेंशन राशि बढाई जाएगी।
-यहां भाजपा काफी कमजोर है। विधानसभा में सात में पांच जगह हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा में भी हार का सामना करना पड़ा। अब झुंझुनूं में उप चुनाव होंगे, ऐसे में इस सभा को उप चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
-उप चुनाव में कई नेता भितरघात में लगे हुए थे, वे चाहते थे झुंझुनूं में उप चुनाव हों।
वहीं संभावना है कि सरकार के अगले कार्यक्रम टोंक, नागौर,दौसा व बासवाड़ा में होंगे।
-उप चुनाव झुंझुनूं, दौसा, नागौर के खींवसर, टोंक के देवली उनियारा व बांसवाड़ा के चौरासी में होंगे।
शेखावाटी की उमस में जनता के साथ अतिथि भी परेशान नजर आए। मंच पर ऐसी व पंडाल के चारों तरफ से कूलर की व्यवस्था की, लेकिन बीच में ना पंखे थे ना कूलर। उमस में लोग परेशान नजर आए। खुद मुख्यमंत्री ने कई बार तोलिये से पसीना पौंछा। उमस से परेशान होकर कई लोग बीच में ही उठ कर चले भी गए, सीएम के भाषण तक कई महिलाएं उठ कर जा चुकी थीं।
सरकार सभी कार्य पूरे करेगी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि मेरे सामने झुंझुनूं के प्रमुख मुद्दे सामने आए हैं। ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा है, शौर्य उद्यान पूरा नहीं हो रहा, खेल विवि नहीं बन रहा है। हमारी सरकार सभी कार्य पूरे करेगी, सूरजगढ़ से पूर्व विधायक सुभाष पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री बड़ी घोषणा करेंगे, लेकिन लोग इंतजार करते रह गए।
हवाई पट्टी पर पत्रकारों से बातचीत में कहा बजट के लिए जनप्रतिनिधियों व पूर्व जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए हैं। आमजन से भी सुझाव मांगे हैं। जो भी जनहित में होगा वह सभी कार्य पूरा करेंगे। नहर का कार्य पूरा करेंगे।
Updated on:
28 Jun 2024 12:27 pm
Published on:
28 Jun 2024 12:24 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
