scriptशाह ने कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य | BJP Jind Rally | Patrika News
जींद

शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य

जींद में आयोजित युवा हुंकार रैली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 में बीजेपी को फिर से समर्थन देने की अपील की।

जींदFeb 16, 2018 / 06:31 am

शंकर शर्मा

BJP Jind Rally

जींद। हरियाणा सरकार के 4 साल पूरे होने पर जींद में आयोजित युवा हुंकार रैली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 में बीजेपी को फिर से समर्थन देने की अपील की। शाह ने इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस पर तीखा वार किया।

 

अमित शाह ने हरियाणा के जींद जिले से मिशन 2019 का बिगुल फूंकते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को आहवान किया है कि इस बार वह लोकसभा की सभी दस सीटों पर भगवा फहराएं। जाटलैंड के नाम से प्रसिद्ध जींद से पार्टी कार्यकर्ताओं को विजय संकल्प दिलाने हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से हाथ खड़े करवाकर जहां आगामी लोकसभा चुनाव जीतने का प्रण लिया वहीं उन्होंने मंच से इस बात के लिए अफसोस जताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में थोड़ी सी चूक की वजह से भाजपा को तीन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

 

अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज से देश व प्रदेश के तमाम कार्यकर्ता मिशन 2019 के लिए काम करेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में ऐसा कोई युद्ध नहीं है जिसमें हरियाणा के वीरों ने बलिदान न दिया हो। शाह ने कहा कि आज अगर भारत अनाज उत्पादन के क्षेत्र में स्वायत्त बना है तो इसका श्रेय हरियाणा को जाता है। हरियाणा के किसान और जवान आज विश्व पटल में पूरे देश की पहचान बन चुका है।

 

अमित शाह ने हरियाणा की पूर्व कांग्रेस व इनेलो सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपीए सरकार में 13वें वित्त आयोग के माध्यम से हरियाणा को जहां केवल 14 हजार करोड़ जारी किया गया था वहीं भाजपा के कार्यकाल में 14 वें वित्त आयोग की रिपोर्ट के बाद हरियाणा को 42 हजार करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।अमित शाह ने अपने बेहद संक्षिप्त भाषण में उन सभी योजनाओं का ब्यौरा पेश किया जिनके माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा को वित्तीय अनुदान जारी किया गया है।

 

अमित शाह ने आज साफ किया कि वह विपक्षी दलों के बजाए कार्यकर्ताओं को हिसाब देना पसंद करते हैं। इसलिए उन्होंने आंकड़ों पर आधारिक रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि पूर्व की यूपीए सरकार के कार्यकाल के मुकाबले अधिक धनराशि जारी की है।अमित शाह ने केंद्र व हरियाणा की सरकार को पूरी तरह से किसान हितेषी सरकार करार देते हुए कहा कि हरियाणा में जिन लोगों ने किसानों के नाम पर सरकारों का गठन किया और किसानों ने उनके लिए बोट क्लब तक पर रैलियों को सफल बनाया उन्होंने कभी भी किसानों के हित में कुछ नहीं किया।

 

अमित शाह ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज विरोधी भी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगा सकते हैं। वह समय बीत गया जब हरियाणा में तबादला उद्योग चलता था। इससे पहले अमित शाह का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान पारदर्शिता से कार्य करते हुए पिछले सरकार के कार्यकाल के गढ्ढे भरने का काम किया।

 

खट्टर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान लूटतंत्र को समाप्त करने का किया है। आज हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। खट्टर ने दावा किया कि आज समय विकास कार्यों को गिनवाने का नहीं बल्कि विकास के बूते पर आगे बढऩे का है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने अपने संबोधन में आए हुए कार्यकर्ताओं को आभार व्यक्त किया और दावा किया कि रैली में शामिल युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश सरकार की नीतियों को युवाओं ने स्वीकार कर लिया है। इससे पहले भाजपा प्रभारी डॉ.अनिल जैन,केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर समेत पार्टी के कई नेताओं ने शाह का यहां पहुंचने पर स्वागत किया।

 

अमित शाह से लेकर सीएम तक बाइक पर पहुंचे
रैली की सबसे विशेष बात ये रही कि अमित शाह से लेकर सीएम और कार्यकर्ता तक बाइक पर पहुंचे। शाह ने चौटाला पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मैं सीएम मनोहर लाल का दिल से अभिनंदन करना चाहता हूं, जिन्होंने भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म कर दिया है। ये वो राज्य है जहां भ्रष्टाचार के आरोप में सीएम तक जेल में पड़े हैं। वहीं सीएम मनोहर लाल खट्टर पर एक भी आरोप नहीं है।

 

पंचायत चुनाव में योग्यता लागू करने के फैसले,ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, लिंगानुपात में सुधार पर अमित शाह ने सीएम मनोहर लाल खट्टर की पीठ थपथपाई। हेलिपैड से रैली स्थल तक बाइक पर आने के लिए बीजेपी ने तीन नई रॉयल एनफील्ड बाइक मंगाई थी। अमित शाह को स्पेशल रॉयल एनफील्ड पर रैली स्थल तक ले जाया गया। सीएम मनोहर लाल खट्टर और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला रॉयल एनफील्ड पर रैली स्थल में पहुंचे।

 

रोहतक से डेयरी एसोसिएशन के प्रधान एवं भाजपा नेता राजकमल सहगल 50 लाख रुपए कीमत की महंगी बाइक पर पहुंचे। यह ट्रायम्फ रॉकेट थर्ड टूरिंग नाम की बाइक उनके भतीजे की है। इसे दिल्ली से रैली के लिए मंगवाया था। भाजपा युवा मोर्चा के झज्जर जिला के अध्यक्ष योगेश सिलानी 14 लाख रुपए कीमत की हार्ले डेविडशन बाइक पर जींद पहुंचे। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज हार्ले डेविडशन पर पहुचें।

 

हुंकार रैली में भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गरजे अमित शाह
अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, 2014 में नरेंद्र मोदी को जो आपने मैंडेट दिया था उसके जो मनोहर लाल खट्टर को जो मैंडेट दिया, इसके अनुरूप इन दोनों सरकारों भ्रष्टाचार विहीन शासन देने का काम देश और राज्य में किया है। देश और राज्य से कांग्रेस की सरकार हटी और कमल की सरकार आने के चार साल हो गए हैं। मगर हमारे विरोधी भी हमपर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सके।

 

मोदी सरकार ने इस तरह से काम किया कि आजादी के बाद पहली बार गांव,गरीब, किसान आदि को लग रहा है कि ये मेरी सरकार है। ओमप्रकाश धनखड़ जो पूरे देश में किसान मोर्चा के अध्यक्ष थे, ये कहते थे कि किसानों को लागत से पचास प्रतिशत समर्थन मूल्य ज्यादा मिलना चाहिए।

 

कांग्रेस के किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री में इतनी हिम्मत नहीं हुई कि इसकी घोषणा कर दे। नरेन्द्र मोदी ने इस बजट में घोषणा कर दी कि किसानों को लागत से डेढ़ गुना मूल्य देने का काम भाजपा की सरकार करेगी। शाह ने कहा,मैं अपनी सरकार के पल-पल और पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं। उन्होंने कहा,आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा काम किया है कि गरीबों और किसानों को लग रहा है कि यह उनकी सरकार है।

 

मोदी सरकार ने देश के 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का बीमा देने का फैसला किया है। कांग्रेस ने हमसे चार साल का हिसाब मांगा है लेकिन मैं जनता को हिसाब देने आया हूं, हुड्डा जी आपको नहीं। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में पहले की सरकारें जाति के आधार पर भेदभाव करती थीं लेकिन मनोहर लाल खट्टर सरकार की कोई जाति नहीं है और वह सबका साथ और सबका विकास के नारे पर काम कर रही है।

 

शाह ने कहा,राज्य में बेटी बचाओ अभियान सफल रहा है। बेटियों का औसत राज्य में 950 को पार कर गया है। हरियाणा खिलाडिय़ों, वीरों और युवाओं की भूमि है। केंद्र सरकार ने सैनिकों के लिए वन रैंक पेंशन देकर उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने कहा, यह चुनावी सभा नहीं है। यह कार्यकर्ताओं की बैठक है। मैं आपके माध्यम से हरियाणा की जनता से अपील करूंगा कि वर्ष 2019 में हरियाणा की सभी सीटों पर जीत दिलाएं।

 

नमो केयर
अमित शाह ने आयुष्मान योजना को नमोकेयर नाम दिया। उन्होंने कहा कि भाई नरेंद्र मोदी नमो केयर लेकर आए हैं। केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना लेकर आई है। नरेंद्र मोदी सरकार ने फैसला किया है कि 50 करोड़ लोगों को पांच लाख तक का बीमा सरकारी खर्च से होगा। किसी को कोई पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं। एक साल में पांच लाख रुपये तक का इलाज सरकार के खर्च से होगा। चाहे सरकारी अस्पताल में जाओ या निजी अस्पताल में।

 

देश के 19 राज्यों में अभी भाजपा की सरकारें, जल्द 21 में होंगी
उन्होंने कहा कि अभी देश में 19 राज्यों में भाजपा सरकारें हैं। जल्द ही 21 राज्यों में भाजपा की सरकारें होंगी। लोगों ने जिस भारत का स्वप्न देखा है उसे मोदी जी साकार करना चाहते हैं। आने वाले दिनों में भाजपा को मजबूत करने में सभी का योगदान काम आएगा। सभी विजय का संकल्प लें।

 

सीएम ने स्वीकारा हरियाणा में अभी भी है बेरोजगारी बड़ी चुनौती
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने आज पहली बार पार्टी हाईकमान की मौजूदगी में सार्वजनिक मंच से स्वीकार किया कि हरियाणा में बेरोजगारी इस समय बड़ी चुनौती है। अपने कार्यकाल के करीब चार साल पूरे करने वाले मनोहरलाल खट्टर ने जींद रैली के दौरान मंच से अपनी सरकार की ढेरों उपलब्धियों का बखान किया लेकिन बेरोजगारी के मुद्दे पर वह चुप हो गए। खट्टर ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल के क्षेत्रवाद की राजनीति का भले ही अंत कर दिया है लेकिन आज भी बेरोजगारी पूरे हरियाणा का एक संयुक्त एवं बड़ा मुद्दा है। बेरोजगारों की लगातार बढ़ रही फौज गंभीर चिंता का विषय है। इस क्षेत्र में बहुत कुछ करना बाकि है।

Home / Jind / शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो