जोधपुर.
बारावफात (Barawafat) पर घूमने निकले पांच युवक रविवार को सुरपुरा बांध की डिग्गी में गिर गए। नौका चालकों ने सजगता व हिम्मत दिखाते हुए एक किशोर सहित दो जनों को बाहर निकाल लिया। जबकि तीन युवकों की मौत हो गई। (5 boys fall in dam, two saved, three died)
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर ने बताया कि प्रतापनगर की मजदूर कॉलोनी निवासी नौशाद, इस्माइल व इब्राहिम सुरपुरा बांध की डिग्गी में डूबे हैं। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने तलाश के बाद एक-एक कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। शिनाख्त के बाद तीनों शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाए गए। जबकि गोताखोर प्रवीण शर्मा व सुरेन्द्र राठौड़ ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता व पुलिस उपायुक्त डॉ अमृता दुहन सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
एक युवक गिरा तो बचाने के लिए चार और कूदे
थानाधिकारी मनीष देव ने बताया कि मजदूर कॉलोनी निवासी नौशाद, इस्माइल, इब्राहिम, अब्दुल मुतालिक, समीर हुसैन व इसरायल (15) बारावफात के चलते सुबह तैयार होकर दो बाइक पर घूमने के लिए घर से निकले। वे दोपहर में सुरपुरा बांध पहुंचे। छहों जने बांध की डिग्गी के पास तक पहुंच गए। इस दौरान सभी हंसी मजाक करने लगे। इतने में धक्का लगने के बाद पांव फिसलने से एक युवक डिग्गी में जा गिरा और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए चार मित्र भी पानी में कूदे, लेकिन उन्हें तैरना नहीं आता था।