- कस्टम विभाग की जोधपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई- दो यात्री पकड़े, सोना मुम्बई हवाई अड्डे से लाए जाने की आशंका
जोधपुर।
सीमा शुल्क विभाग जोधपुर ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर विवेक एक्सप्रेस में दो यात्रियों के गुदा में छुपा 6.2 किलो सोना पकड़ा। दोनों यात्रियों को भी हिरासत में लिया गया है। सोने की कीमत 4.71 करोड़ रुपए बताई जाती है।
कस्टम सूत्रों के अनुसार सीमा शुल्क विभाग जयपुर से बांद्रा से जम्मू तवी जाने वाली विवेक एक्स्रपेस ट्रेन में यात्रियों के पास तस्करी का सोना होने की सूचना दी। इस पर जोधपुर के कस्टम अधिकारियों ने ट्रेन में तलाशी ली और संदेह के आधार पर दो यात्रियों को हिरासत में लिया। जांच में इन यात्रियों के गुदा में सोना छुपा होने का पता लगा। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन से उतारा गया। इनके मलाशय में कैप्सूल में सोना था। कस्टम ने पेस्ट के निष्कर्षण से सोने के कैप्सूल बाहर निकलवाए। जिनमें से 6.2 किलो सोना निकला। जिसे कस्टम ने जब्त कर लिया। कस्टम को अंदेशा है कि गुदा में छुपाकर यह सोना विदेश से तस्करी करके मुम्बई हवाई अड्डे लाया गया था। कस्टम की पकड़ में न आने पर दोनों यात्री राजस्थान के लिए ट्रेन में सवार हो गए, लेकिन कस्टम ने जोधपुर में दोनों को पकड़कर सोना जब्त कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।