जोधपुर।
चौहाबो थानान्तर्गत पीएफ ऑफिस के बाद कृष्णा नगर के मकान पर बाहर से ताला लगा था। बदमाशों को मकान सूना होने का अंदेशा हुआ। दीवार फांदने के बाद अंदर के गेट के ताले तोड़कर मकान में घुसने पर महिला को पलंग पर सोते देख चौंक गए थे। बदमाशों ने सामान टटोलना शुरू किया तो आहट हो गई। महिला की आंख खुली तो पलंग के आस-पास तीन नकाबपोशों को घूमते देख घबरा गई। 35 साल की महिला जिम करने जाती है। अच्छी कद काठी की होने से वह बदमाशों से भिड़ गईं और संघर्ष करने लगी। पहले एक बदमाश ने महिला को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन महिला की हिम्मत के आगे वो बेबस साबित होने लगा। तब दो अन्य नकाबपोश भी महिला से भिड़ गए थे। उन्होंने पहले महिला को बाथरूम में बंद करने की कोशिश की, लेकिन फिर उसे नीचे गिरा दिया और तीनों मारपीट करने लग गए। मुंह तौलिएं से बांध दिया। सरियों से मारपीट की तो महिला बेहोश हो गईं। फिर तीनों ने रुपए और सोने के जेवर चुराए। भागने के दौरान बदमाशों ने बेहोश महिला को लातें मारीं। जिससे उसे होश आया। वो तौलिया खोला और मोबाइल ढूंढा, लेकिन बदमाश उसका मोबाइल भी ले गए थे। तब वो चिल्लाते हुए बाहर भागी और मदद के लिए चिल्लाईं। करीब 20-25 मिनट बाद पड़ोसी मदद को आए। तब महिला ने पति को कॉल कर वारदात के बारे में बताया।
पंजाबी लहजे में बात कर रहे थे तीनों नकाबपोश
लूटपाट व महिला के संघर्ष करने के दौरान तीनों नकाबपोश पंजाबी लहजे में आपस में बातचीत कर रहे थे। चूंकि महिला पंजाब से जुड़ी हुई हैं तो वो पंजाबी लहजा पहचान गईं। इससे पुलिस को अंदेशा है कि नकाबपोश पंजाबी हो सकते हैं।
पुत्र का निधन, पति-पत्नी ही रहते हैं मकान में
पुलिस का कहना है कि दम्पती का एक पुत्र था, लेकिन उसका निधन हो चुका है। ऐसे में पति व पत्नी ही दो मंजिला मकान में रहते हैं। पेशे की वजह से पति अधिकांशत: घर से बाहर ही रहता है।
तीन और मकानों में भी घुसे बदमाश
महिला के मकान में वारदात से पहले बदमाशों ने कुछ दूरी पर आमने-सामने दो अन्य मकानों के भी ताले तोड़े। पास ही गली में एक अन्य मकान में भी घुसे, लेकिन तीनों ही मकानों से कुछ चुरा नहीं पाए।
तबीयत खराब होने से दर्द निवारक लेकर सोईं थी महिलामहिला की रात को तबीयत खराब हो गई थी। शरीर दर्द की वजह से वह दर्द निवारक लेकर सोईं थी। रात दो बजे पति अपने कार्य से बाहर जाने लगे तो महिला उठकर अंदर से दरवाजा बंद नहीं कर पाई थी। मकान मालिक ने बाहर से लॉक लगा दिए थे। यह देख नकाबपोशों ने मकान सूना समझ लिया था और ताले तोड़कर अंदर पहुंच गए थे।
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
वारदात स्थल के आस-पास अनेक सीसीटीवी कैमरे हैं। जिनमें तीनों बदमाश नजर आए हैं। वे धड़ल्ले से बेखौफ होकर आते जाते दिखे। तीनों पैदल ही आए थे। इनको पकड़ने के लिए प्रतापनगर सर्कल के चार थानाधिकारी, साइबर व तकनीकी एक्सपर्ट टीम लगाई गई है। वहीं, पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग भी निरस्त कर तलाश में लगाया गया है।
पुलिस की अपील : बाहर से लॉक न लगाएं
पुलिस का कहना है कि किसी कार्यवश यदि सभी घरवाले बाहर जा रहे हैं तो मकान के बाहर से लॉक न लगाएं। सड़क से लॉक लगा देख बदमाशों को मकान के सूना होने का पता लग जाता है। इसलिए लॉक अंदर से लगाएं या ऐसी जगह लगाएं ताकि सड़क से किसी को नजर न आए।