
बालोतरा। एक शादी समारोह में ब्लैकआउट के दौरान घर की लाइटें बंद करवाकर बैठा दूल्हा।
Blackout In Rajasthan: आपातकालीन परिस्थितियों के अभ्यास के तहत बुधवार रात बालोतरा शहर में ब्लैकआउट किया गया, जिससे पूरा शहर 15 मिनट तक अंधेरे में डूब गया। रात आठ बजे नगर परिषद की छत से सायरन बजते ही शहर के बाजारों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और गली-मोहल्लों में घरों की लाइटें एकसाथ बंद हो गई। ब्लैकआउट के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। जहां वाहन थे, वहीं रोक दिए गए। लोगों ने मकानों की लाइटों के साथ खिड़कियां और पर्दे बंद कर सहयोग किया।
इस दौरान एक शादी समारोह में भी जागरूकता का परिचय देते हुए दूल्हे ने स्वयं घर की लाइटें बंद करवाई और ब्लैकआउट का समर्थन किया। जिसे देखकर सब ताली बजाने लगे। वहीं रात 8.15 बजे दोबारा सायरन बजाकर ब्लैकआउट समाप्ति की जानकारी दी गई। ऐसे में शहरवासियों ने भी इस अभ्यास में जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ भाग लिया और नागरिक सुरक्षा के प्रति अपनी गंभीरता दिखाई।
शहर में जमू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक ’ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की खुशी जोर-शोर से मनाई गई। मंगलवार देर रात जैसे ही इस कार्रवाई की खबर मिली, शहर के युवाओं में जोश भर गया। देखते ही देखते युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए भारत माता के जयकारे लगाए और पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल बन गया।
वहीं बुधवार सुबह डाक बंगले के बाहर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने एकत्र होकर देश की इस कार्रवाई पर हर्ष जताया। यहां जमकर आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
शहर को देशभक्ति गीतों की गूंज, रंग-बिरंगी आतिशबाजी और हाथों में तिरंगा लिए युवाओं की टोलियों ने जश्न के रंग में रंग दिया। वहीं सड़कों पर देर शाम तक देशप्रेम का माहौल बना रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकी हमले का करारा जवाब दिया है, जिससे पूरे देशवासियों को गर्व महसूस हुआ है। उन्होंने इसे हर भारतीय के आत्मसमान की जीत बताया।
Updated on:
8 May 2025, 3:03 PM IST
Published on:
8 May 2025, 3:03 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.