जोधपुर/फलोदी।
जिले के फलोदी कस्बे से एक किमी दूर बीकानेर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार अपराह्न टैंकर व बोलेरो कैम्पर की भिड़ंत में कैम्पर में सवार मासूम भाई-बहन, चाची-भतीजे सहित पांच जनों की मौत और दो मासूम बच्चे घायल हो गए। हताहत होने वाले मुकलावे के लिए कपड़े लेकर फलोदी से लौट रहे थे। हादसे से बहू के स्वागत की तैयारियां कर रहे घर में मातम छा गया।
फलोदी थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि जाम्बा गांव निवासी एक ही परिवार के सात जनें बोलेरो कैम्पर में गांव की तरफ जा रहे थे। फलोदी कस्बे से एक किमी दूर बीकानेर हाइवे पहुंचे तो जैसलमेर की तरफ जा रहे टैंकर की बोलेरो कैम्पर से भिड़ंत हो गई। कैम्पर के परखच्चे उड़ गए।कैम्पर में सवार मासूम बच्चे, एक महिला सहित सातों जनें घायल हो गए।
आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को कैम्पर से निकालकर फलोदी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कैम्पर सवार जाम्बा निवासी रविना (12) पुत्री ओमप्रकाश बिश्नोई, उसके भाई प्रवीण (12), चालक पर्वत (25) पुत्र जीयाराम, उर्मिला (38) पत्नी हरिराम और विकास (20) पुत्र सुभाष की मौत हो गई। पर्वत और उर्मिला चाची भतीजे थे। जबकि विकास इनका भांजा था।
जाम्बा निवासी अर्पिता (15) पुत्री हरिराम व पीलवा निवासी ईशानी (8) पुत्री श्यामलाल घायल हो गए। गंभीर घयल अर्पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जोधुपर के एमडीएम अस्पताल रैफर किया गया। जबकि ईशानी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
हादसे का पता लगते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अकलेश शर्मा व थानाधिकारी ख्यालिया मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। फिलहाल हादसे का कारण पता नहीं लग पाया है।