2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

डोडा पोस्त से भरी कार रोकी तो पुलिस पर चार फायर कर चालक भागा

- कार से तीन सौ किलो डोडा पोस्त जब्त, दो अन्य युवक गिरफ्तार- दो जिंदा व तीन खाली कारतूस जब्त

Google source verification

जोधपुर।
डांगियावास थानान्तर्गत बिसलपुर फांटा के पास डोडा पोस्त से भरी लग्जरी कार का टायर फोड़ने पर चालक ने पैदल भागने के दौरान पुलिस पर चार फायर किए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने कार से तीन सौ किलो डोडा पोस्त जब्त कर दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। फायर करने वाला फरार हो गया।
एसआइ मनोज कुमार ने बताया कि रविवार तड़के गश्त के दौरान गुजरात नम्बर की लग्जरी कार में डोडा पोस्त की खेप आने की सूचना मिली। आइपीएस अधिकारी व थानाधिकारी बी आदित्य के नेतृत्व में पुलिस ने बिसलपुर फांटा के पास नाकाबंदी की। इस बीच, जयपुर हाइवे की तरफ से आई कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक कार और तेजी से भगाने लगा। वह नाकाबंदी तोड़कर कार भगाने लगा। तब पुलिस ने स्टॉप स्टिक टायर के आगे लगा दी। जिससे कार का टायर फट गया।
इसके बावजूद तस्कर कार को भगाने लगा। करीब दो तीन किमी तक भगाने के बाद चालक ने कार रोकी और पैदल ही भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक सुरेन्द्र ने पिस्तौल निकाली और पुलिस पर एक के बाद एक चार फायर कर दिए और फिर भाग गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन सुरेन्द्र पकड़ में नहीं आ पाया।
उधर, पुलिस ने कार की तलाशी ली तो प्लास्टिक कट्टों में 300.5 किलो अवैध डोडा पोस्त जब्त किया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर पाली जिले में शिवपुरा थानान्तर्गत भाणिया गांव में बिश्नोइयों की ढाणी निवासी फूसाराम 27 पुत्र जगदीश बिश्नोई व बांवरला निवासी राकेश पुत्र सोहनराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। जबकि फायर कर भागने वाले भाणिया गांव निवासी सुरेन्द्र पुत्र पुखराज बिश्नोई पकड़ा नहीं जा सका। जिसकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई में एसआइ महेन्द्र कुमार, डूंगरराम, एएसआइ परमेश्वरलाल आदि शामिल थे।
भीलवाड़ा से लाए रहे थे मादक पदार्थ
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार फुसाराम व राकेश से पूछताछ की जा रही है। यह दोनों और सुरेन्द्र भीलवाड़ा से कार में तीन सौ किलो डोडा पोस्त भरकर लाए थे और बांवरला व आस-पास के क्षेत्र में सप्लाई करने वाले थे।