जोधपुर/ फलोदी. श्रम की बूंदों से फलोदी की रानी का सौन्दर्य एक बार फिर लौटेगा, जिससे प्राचीन सरोवर की मिटती पहचान पुन: लौट सकेगी। मंगलवार को राजस्थान पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान का आगाज किया गया। जिसमें शहर के गणमान्यों व प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रमदान कर प्राचीन सरोवर पर श्रमदान के माध्यम से सरोवर की सफाई का आगाज किया। करीब एक घंटे तक सफाई अभियान चला।
पालिकाध्यक्ष पन्नालाल व्यास, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अर्चना व्यास, भू वैज्ञानिक प्रकाश छंगाणी, नेता प्रतिपक्ष रमेश थानवी, अधिशाषी अधिकारी डॉ. सहदेवदान चारण, भारतीय किसान संघ के सम्भाग अध्यक्ष नरेश व्यास, महाजन सेवा संस्थान के रविन्द्र जैन, वृक्षमित्र राजेश बोहरा, विजय पालीवाल, समासेवी रमणलाल गोपाणी आदि ने श्रमदान कर विधिवत तौर पर राणीसर सरोवर पर अमृतं जलम् अभियान का आगाज किया।
श्रमदान कर की सफाई
राणीसर सरोवर पर शाम पांच बजे अमृतं जलम् अभियान के तहत श्रमदान शुरू किया गया, जो करीब साढे छ: बजे तक चला। सफाई अभियान में शहर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य सहभागी बने। श्रमदान शुरू करने से पहले राणीसर के पुराने वैभव पर चर्चा की, इसकी बिगड़ी सूरत व रूकी पानी की आवक को पुन: शुरू करवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम डॉ. अर्चना व्यास से रूकावटों को दूर कर सरोवर का वैभव लौटाने में सहयोग करने का आग्रह किया। जिस पर एडीएम ने तालाबों की सफाई व पानी की आवक की रूकावटों को दूर करने का भरोसा दिलाया।
किसान संघ करेगा सहयोग
जल संरक्षण की दशा में भारतीय किसान संघ की ओर से भी सहयोग किया जाएगा। ट्रैक्टर व श्रमदान से किसान रानीसर सरोवर के संरक्षण में पूरा सहयोग करेंगे।
– नरेश व्यास, सम्भाग अध्यक्ष भारतीय किसान संघ
जल संरक्षण की दशा में अनूठी पहल
राजस्थान पत्रिका अमृतं जलम् अभियान के माध्यम से जल संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल कर रहा है। जिसमें सभी को सहभागी बनने की आवश्यकता है। तालाबों का संरक्षण वर्तमान में सबसे बड़ी जरूरत है।
– प्रकाश छंगाणी, भू-जल वैज्ञानिक
सौन्दर्यकरण की दिशा में करेंगे बदलाव
फलोदी के पौराणिक राणीसर सरोवर पर पानी की आवक शुरू हो और यहां का प्राकृतिक सौन्दर्य निखरे, इस सम्बंध में जो भी सहयोग होगा वह किया जाएगा। पत्रिका के इस अभियान में पालिका का सौन्दर्यकरण व पानी आवक में आ रही रूकावटों को दूर करेंगे।
– डॉ. सहदेवदान चारण, जेसीबी का सहयोग
सरोवर के सौन्दर्यकरण के लिए महाजन सेवा संस्थान की ओर से जेसीबी उपलबध करवाई गई। आगे भी जरूरत के हिसाब से जेसीबी उपलब्ध करवाई जाएगी। जिससे सरोवर की खुदाई में सहयोग मिलेगा।
– रविन्द्र कुमार जैन, महाजन सेवा संस्थान
रानी की तरह निखरेगी सूरत
फलोदी के पौराणिक राणीसर सरोवर की सूरत को रानी की तरह निखारेंगे। इसके लिए नगरपालिका की ओर से विशेष सहयोग दिया जाएगा।
– पन्नालाल व्यास, पालिकाध्यक्ष, फलोदी
तालाबों को संरक्षण की दिशा में होगा काम
शहर व ग्रामीण अंचलों के तालाबों के संरक्षण व पानी की आवक सुचारू रहे, इसके सम्बंध में सभी कार्य किए जाएंगे। अमृतं जलम् अभियान के माध्यम से जल संरक्षण की बाधाओं को दूर किया जाएगा।
– डॉ. अर्चना व्यास, उपखण्ड अधिकारी, फलोदी