जोधपुर

कांग्रेस : राहुल गांधी चले 4 हजार किलोमीटर…’चंद’ फासले में सिमटे कांग्रेस नेताओं के कदम

हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा

2 min read
कांग्रेस : राहुल गांधी चले 4 हजार किलोमीटर...'चंद' फासले में सिमटे कांग्रेस नेताओं के कदम

जोधपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्या कुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा के नाम 4 हजार से ज्यादा किलोमीटर तक का सफर तय किया था। राहुल की यात्रा से प्रेरित होकर प्रदेश में भी कांग्रेस ने हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का आगाज किया। यात्रा कुछ दिन तो सुर्खियों में रहीं, लेकिन बाद में औपचारिकता का आवरण चढ़ गया। कांग्रेस के कई नेता तो चंद किलोमीटर ही पैदल नहीं चल पाए। किसी ने यात्रा के लिए महज एक गांव को चुना तो कोई वार्ड में घूमा। कुछ जनप्रतिनिधियों ने तो सामान्य भ्रमण को भी यात्रा का नाम दिया। राहुल की यात्रा की तरह न तो उत्साह दिख रहा है और न ही जनप्रतिनिधि रुचि ले रहे। मसलन, हाथ से हाथ जोड़ने और आमजन से सीधे जुड़ाव के उद्देश्य से शुरू की गई यात्रा अब फीकी पड़ती दिख रही।

...हर माह चलना है पैदल

आमजन से सीधे जुड़ाव के लिए पैदल यात्राओं को कांग्रेस पार्टी ने उपयुक्त मानकर जनप्रतिनिधियों को हर माह पैदल चलने की नसीहत दी थी। इसमें कम से कम 15 किलोमीटर की दूरी तय करना जरूरी है। विधायक और संगठन पदाधिकारियों को यात्रा कार्यक्रम नियमित रूप से करने हैं। हाथ से हाथ जोड़ाे यात्रा का नियमित रूप से फीडबैक भी लिया जा रहा है।

किसके कितने कदम बढ़े

जोधपुर शहर विधायक मनीष पंवार का कहना है कि वे 15 किलोमीटर से ज्यादा पैदल यात्रा कर चुकी है। सोजती गेट से लेकर राजीव गांधी चौक, शास्त्री नगर, एयरफोर्स, पोलोग्राउंड इत्यादि इलाके में यात्रा की। शहर के 10 वार्ड में भी भ्रमण कर पार्टी की नीतियों का प्रचार किया

बिलाड़ा विधायक हीरालाल मेघवाल ने जालेली दईकड़ा से खातियासनी तक यात्रा की। विधायक का कहना है कि पार्टी के जो निर्देश मिले थे उससे ज्यादा ही पैदल चले हैं। अब तक 30 किलोमीटर तक की यात्रा पूरी कर चुके हैं। इस माह नए रूट पर चलेंगे।

लोहावट विधायक किशनाराम विश्नोई ने लोहावट से पल्ली गांव तक पैदल यात्रा की। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शरीक हुए। विधायक का कहना है कि पार्टी के निर्देश पर पिछले माह यात्रा कर ली थी। इस माह का प्लान जल्द बनाएंगे।

लूणी विधायक महेन्द्र विश्नोई ने पैदल यात्रा के लिए पंचायत समिति केरू का बंबोर गांव चुना। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ग्राम पंचायत में यात्रा निकाली। झण्डे-बैनर और पोस्टर प्रचार में उपयोग करते हुए विधायक ने कदमों से गांव में सफर किया।

ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा राहुल गांधी के साथ तो चलीं, लेकिन क्षेत्र में उनका यात्रा कार्यक्रम नहीं बना। विधायक का कहना है कि वह पहले भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त रहीं। बाद में विधानसभा सत्र शुरू हो गया। अब इस माह यात्रा का कार्यक्रम तय किया जाएगा।

शेरगढ़ विधायक मीनाकंवर राठौड़ ने पैदल यात्रा के तौर कोई तय मार्ग तो नहीं चुना। उनका कहना है कि क्षेत्र के दौरे में होते हैं तो औसतन पांच किलोमीटर तो चलना हो ही जाता है। इसमें रूक-रूक कर आमजन की समस्याएं सुनते हैं।

कांग्रेस नेता महेश व्यास पैदल तो नहीं चले, लेकिन 34 ग्राम पंचायतों में नुक्क्ड़ नाटक और ग्राम सभाओं का आयोजन किया। इसमें हाथ से हाथ जोड़ो अभियान से ग्रामीणों को अवगत कराया। व्यास का कहना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया।

ब्लॉक समन्वयक कर रहे मॉनिटरिंग

विधानसभा सत्र के कारण जनप्रतिनिधि व्यस्त हो गए, लेकिन ब्लॉक समन्वयक यात्रा की पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हर ब्लॉक में दो समन्वयक बनाए हुए हैं। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नियमित रूप से पैदल यात्राएं कर रहे हैं।डूंगरराम गेदर, प्रभारी, हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा कार्यक्रम

Published on:
09 Mar 2023 05:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर