24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

इंदिरा गांधी की तरह राहुल के साथ भी किया षडयंत्र : गहलोत

संभाग स्तरीय सम्मेलन-

Google source verification

जोधपुर. शहर के गांधी मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करे के मामले में केन्द्र सरकार को जमकर निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी की तरह राहुल गांधी के साथ भी षड्यंत्र किया गया है। इससे देशभर में आक्रोश है और देशवासी इसे कभी नहीं भुलेंगे। उन्होंने चेताया कि इंदिरा गांधी के साथ अन्याय किया तो पूरे देश में माहौल बना। इसका परिणाम तत्कालीन जनता पार्टी की सरकार को भुगतना पड़ा था।

सम्मेलन के दौरान गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार ऐसी हरकतों पर उतर आई है कि राहुल को मकान खाली करने का नोटिस तक दे दिया। विदेश में बोलने को लेकर राहुल पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे। राहुल संसद में इसका जवाब देने जा रहे थे, लेकिन उनको बोलने ही नहीं दिया गया। लोकतंत्र पर खतरा बताते हुए गहलोत ने कहा कि सवाल पूछना और जवाब देना लोकतंत्र का हिस्सा है। लेकिन, केन्द्र सरकार इसे खत्म करने पर तुली है।न्यायपालिका और चुनाव आयोग तक दबाव में है। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह घमंड में जी रहे हैं। जनता कभी ऐसा झटका देगी कि समझ में ही नहीं आएगा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आमजन तक इस बात को पहुंचाएं कि केन्द्र सरकार किस तरह से अन्याय कर रही है। पीसीसी अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि केन्द्र सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। इसे करारा जवाब देना होगा।

तांडव मचा रही ईडी-सीबीआइ

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कैसे हालात बने हैं, सब जानते हैं। धर्म की राजनीतिक की जा रही है। भाइचारा संकट में है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से यही पूछा था कि अडानी के 20 हजार करोड़ कहां से आए? तीन करोड़ के घपले के आरोप में दिल्ली के मंत्री को जेल में डाल दिया, जबकि, अडाणी के मामले में प्रधानमंत्री जवाब ही नहीं दे रहे।

केंद्र के सब मंत्री ‘ढोलीघोड़ा’

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के मंत्रियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र के सब मंत्री ढोलीघोड़ा है। मंत्रियों के नाम और चेहरे कोई नहीं जानता। बस दो-चार मंत्री है। एक अमित शाह है जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा है। जबकि यूपीए गवर्नमेंट में एक-एक मंत्री का महत्व था।

पंजाब को पाकिस्तान चला रहा, भारत सरकार क्या कर रही

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि यह आजादी की लड़ाई है। इसे मजबूती से लड़ना पड़ेगा। देश में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान हर रोज पंजाब की मॉनिटरिंग करता है। वहां हथियार और ड्रग्स पहुंचाए जा रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही। भाजपा वाले हम पर आरोप लगाते हैं कि 70 साल में क्या किया, हमें किसी से सर्टिफिकेट नहीं लेना। उन्होंने कहा कि झूठ का मुकाबला सीना तान कर करना होगा।

कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत

संभाग स्तरीय सम्मेलन में जोधपुर शहर, देहात, पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर और जैसलमेर से कांग्रेस पदधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंच पर जन अभाव अभियोग समिति अध्यक्ष पुखराज पाराशर, विधायक मनीषा पंवार, बाल कल्याण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल, विधायक महेन्द्र विश्नोई, पशुधन कल्याण बोर्ड अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह सोलंकी, आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, अध्यक्ष नरेश जोशी, पीसीसी सदस्य अनिल टाटिया समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।