9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर में पुलिस से बचने भागी कार ने युवक को कुचला, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल

जोधपुर में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। पावटा सर्कल पर पुलिस को देखकर भागी कार ने महामंदिर थाना क्षेत्र के फूलेराव पार्क के पास मोपेड को टक्कर मार दी। दो युवक उछलकर गिरे, एक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर घायल है।

2 min read
Google source verification
Jodhpur Fleeing Car During Police Chase Runs Over Youth One Dead

पुलिस से बचने भागी कार ने युवक को कुचला (फोटो- पत्रिका)

Jodhpur News: जोधपुर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना महामंदिर थाना क्षेत्र के फूलेराव पार्क के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की है।

जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान पावटा सर्कल पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया था। लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागना शुरू कर दिया। पुलिस से पीछा छुड़ाने की कोशिश में चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी।

कार मोपेड से टकराई

भागती कार फूलेराव पार्क के पास अचानक सड़क पर आई एक मोपेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड सवार दो युवक करीब सौ मीटर दूर जाकर उछलकर गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हादसे को लेकर मृतक के परिजनों में भारी रोष है और आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

रेलिंग और दीवार तोड़ते हुई पलटी

इसी बीच शहर में एक और तेज रफ्तार हादसा सामने आया। राइकाबाग ओवरब्रिज पर पावटा सर्कल से रातानाडा की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप गोलाई में अनियंत्रित हो गई। वाहन रेलिंग और दीवार तोड़ते हुए ओवरब्रिज से नीचे गिरकर पलट गया।

हादसे में पिकअप चालक घायल हो गया। सूचना पर उदयमंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल भिजवाया। पुलिस दोनों ही मामलों में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।