
jodhpur dever bhabi photo
Crime News: राजस्थान के जोधपुर जिले में पुलिस ने एक महिला और पुरुष को पकड़ा है। दोनों एक कार चोरी कर फरार हो रहे थे। पुलिस ने दोनों को रोकने की कोशिश की तो कार और तेजी से दौड़ा दी। बाद में कार के शीशों पर पत्थर फेंके, तब जाकर कार रोकी गई। मामले की जांच महामंदिर थाना पुलिस कर रही है। युवक को अरेस्ट कर लिया गया है और महिला को नारी निकेतन भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि पाली जिले से मुकद्दर खान नाम के एक युवक ने रानी इलाके से एक कार किराये पर ली थी। वह कार से नागौर जाना चाह रहा था। कार चालक ने उसे बारह रुपए प्रति किलोमीटर किराया बताया जिसके लिए उसे हांमी भर दी और कार से दोनों रवाना हो गए।
जोधपुर से गुजरने के दौरान कार चालक ने टॉयलेट जाने के लिए कार सड़क किनारे रोकी। जब वह कार से उतरा तो चाबी कार में ही छोड़ दी। नजदीक की सीट पर बैठे मुकद्दर ने बिना समय गवाएं कार स्टार्ट की और कार दौड़ा दी। चालक पीछा करता ही रह गया, लेकिन वह कार तक नहीं पहुंच सका।
वह नजदीक ही महामंदिर थाने पहुंचा और पुलिस को सारी जानकारी दी। कार का जीपीएस ऑन था। कार चोरी करने वाले मुकद्दर ने सोजती गेट के नजदीक कुछ देर के लिए कार रोकी और वहां से एक महिला को कार में बिठाया। उसके बाद कार और तेजी से दौड़ा दी। लेकिन कार में जीपीएस लगा होने के कारण पुलिस उसे लगातार ट्रेक कर रही थी। बाद में पुलिस ने केरू इलाके में कार को रोकना चाहा, कार नहीं रूकी तो कार के शीशों पर पत्थर मारे।
डर के मारे मुकद्दर ने कार रोक दी। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी भाभी के साथ फरार हो रहा था। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर जेल भेज दिया और महिला को फिलहाल नारी निकेतन भेजा गया है।
Updated on:
24 Jan 2026 11:41 am
Published on:
24 Jan 2026 11:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
