
आयुर्वेद के 8 कॉलेजों को कोर्ट की अनुमति, 510 सीटें बढ़ी
जोधपुर. प्रदेश में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी कॉलेजों में चल रही आयुष काउंसलिंग के बीच राजस्थान हाईकोर्ट ने आयुर्वेद के 8 कॉलेजों और होम्योपैथी, यूनानी व प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगा के एक-एक कॉलेज में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए अनुमति दे दी है। इससे आयुर्वेद में एक साथ 510 सीटों की बढ़ोतरी हो गई है। काउंसलिंग के द्वितीय चरण में सीटों का आवंटन 15 फरवरी शाम को किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को इन कॉलेजों में हाई कोर्ट के निर्णय के अधीन प्रवेश की अनुमति होगी। इस बाबत विद्यार्थियों से शपथ पत्र भी लिया जाएगा।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने प्रदेश के आयुष कॉलेजों द्वारा मानक पूरे नहीं करने और कुछ कॉलेजों में केवल फाइलों में ही शिक्षकों के कार्यरत होने की वजह से प्रदेश के 23 आयुष कॉलेजों में से 15 को मान्यता नहीं दी थी। इन कॉलेजों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद श्री भंवर लाल दुगड़ आयुर्वेद विश्व भारती सरदारशहर के अलावा समस्त आयुर्वेद कॉलेज को अनुमति मिल गई है। यूनानी की एक और होम्योपैथी की दो कॉलेजों को अनुमति का अब भी इंतजार है।
अभी तक आयुर्वेद में केवल 187 सीटों पर प्रवेश
प्रदेश में आयुर्वेद कॉलेजों में 757 सीटें हैं। अब तक केवल दो सरकारी कॉलेजों जोधपुर का यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ आयुर्वेद (125 सीट) और एमएमएम राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय (62 सीट) की 187 सीटों पर ही प्रवेश दिया गया था। एक साथ आठ आयुर्वेद कॉलेजों को अनुमति मिलने से अब 510 सीटें और शामिल हो गई है। कुल 697 पर प्रवेश प्रक्रिया होगी।
होम्योपैथी में 745 में से 630 पर प्रवेश
प्रदेश में होम्योपैथी के 8 कॉलेज है। इसमें से दो को अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में 745 में से 630 सीटों पर काउंसलिंग होगी।
यूनानी में 129 में से 97 पर प्रवेश
प्रदेश में यूनानी के तीन कॉलेज की 129 सीटें हैं। अब तक केवल टोंक स्थित आयुर्वेद विवि के कॉलेज की 53 सीटों पर ही प्रवेश शुरू हुआ था। कोर्ट की अनुमति के बाद जयपुर स्थित राजपूताना कॉलेज की 42 सीटें बढ़ गई है। एक और कॉलेज की अनुमति शेष है।
प्राकृतिक चिकित्सा की 660 सीटों पर प्रवेश
प्रदेश में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगा के 9 कॉलेज है। यहां सभी कॉलेजों को अनुमति के बाद 660 सीटों पर काउंसलिंग हो रही है।
..................................................
इन कॉलेजों को मिली अनुमति
कॉलेज का नाम --------------------- सीटों की संख्या
1 आयुर्वेद कॉलेज रैनवाल (किशनगढ़) --- 50
2 एमजे फूले चौमू जयपुर --------------- 100
3 पंजाब आयुर्वेद कॉलेज श्रीगंगानगर ----- 60
4 टांटिया आयुर्वेद कॉलेज श्रीगंगानगर ----- 60
5 शेखावटी आयुर्वेद कॉलेज पिलानी ----- 60
6 कला आश्रम गोगुंदा उदयपुर ----------- 60
7 केशव आयुर्वेद कॉलेज अकलेरा झालावाड़ --60
8 ज्योति विमन विद्यापीठ --------------- 60
होम्योपैथी कॉलेज
9 ज्योति विद्यापीठ जयपुर ----- 60
यूनानी कॉलेज
10 राजपूताना यूनानी कॉलेज -----42
प्राकृतिक चिकित्सा एवं योगा
11 ज्योति विद्यापीठ जयपुर -------- 60
Published on:
14 Feb 2021 05:50 pm

बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
