
जोधपुर : तारों की तरह ढीला पड़ा बिजली निगम, हरपल हादसे की आशंका
बासनी (जोधपुर).
ढीले होकर लटकते तारों, हादसों को आमंत्रित करते ट्रांसफॉर्मर, खुले पड़े बिजली बॉक्स आदि के कारण लोगों पर हरसमय खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन की बेपरवाही के कारण लोगों की जान पर बन सकती है। शहर के कई स्थानों पर बिजली निगम के ध्यान नहीं देने के कारण अव्यवस्थाएं फैल रही हैं। लोगों का कहना है कि निगम केवल बिजली बिल जमा करवाने व कनेक्शन काटने को लेकर ही तत्परता दिखाता है। सड़क किनारे व घरों केे आगे मंडराते खतरे को लेकर वह गंभीर नहीं लगता है।
झुक रहे पोल
शहर के कई स्थानों पर विद्युत पोल लंबे समय से झुके हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़कों पर कई बार हादसों सहित गाडिय़ों के टकराने आदि के कारण विद्युत पोल झुक जाते हैं। वापस इन झुके पोल की सुध नहीं लेने के कारण ये यथास्थिति में ही पड़े रहते हैं। कई बार आंधी, बरसात सहित अन्य कारणों से गिरकर ये पोल हादसों का कारण बनते हैं। चौपासनी स्कूल के पास रॉयल्टी नाके के सामने एक पोल लंबे समय से झुका हुआ है। स्थानीय निवासी गणेश सिंह जोधा ने बताया कि इस पोल से हाइवॉल्टेज तार निकलते हैं। प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं देने के कारण यह पोल कभी भी गिर सकता है। जिससे सड़क मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पेड़ों के बीच से निकल रहे नंगे तार
कुछ स्थानों पर हरे पेड़ों के बीच से बिजली के नंगे तार निकल रहे हैं। इसके कारण करंट का खतरा बना रहता है। कुछ स्थानों पर पोल के सहारे हरी बेल आदि भी खंभे के ऊपर तक चढ़ी हुई रहती है। ऐसे में अनजाने में इन पोल को छूने आदि से करंट लग सकता है। बिजली निगम की ओर से पुराने तारों व खंभों को नहीं बदलने के कारण खिंचाव आदि से तार ढीले पड़ चुके हैं। इससे ये लटकते तार भी ऊंचाई वाले वाहनों आदि के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के 19 सेक्टर में स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पुराने तार अब घरों के बाहर लटकने लगे है। कुछ स्थानों पर झुके पोल भी हादसों का कारण बन रहे हैं। बारिश आदि के दिनों में तो विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। लोगों ने कहा कि प्रशासन को अब लटकते नंगे तारों के स्थान पर भूमिगत केबल बिछानी चाहिए ताकि लोगों को करंट का खतरा न हो।
जुगाड़ के फ्यूज
तारों व झुके पोल के साथ ट्रांसफॉर्मर भी कम खतरनाक नहीं है। कई स्थानों पर इन ट्रांसफॉर्मर के कारण हादसों की आश्ंाका रहती है। कुछ स्थानों पर जहां ये ट्रांसफॉर्मर सड़क के किनारे होने से वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बनते हैं तो कहीं इनकी ऊंचाई कम होने के कारण पशुओं को काल का ग्रास बनाते हैं। कम ऊंचाई के कारण फ्यूज उड़ जाते हैं। इन सबके बाद बिजली निगम भी जुगाड़ के आधार पर ही काम चला रहा है। इन फ्यूज को तार बांध कर ही चलाया जा रहा है। स्थाई फ्यूज नहीं होने के कारण शॉर्ट सर्किट आदि से बार-बार फ्यूज उड़ जाते है।
बिजलीघर के पास अतिक्रमणियों का कब्जा
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के अणदाराम चौराहा स्थित बिजलीघर के आस-पास अतिक्रमियों ने कब्जा कर रखा है। लंबे समय से हो रखे इन कब्जों की ओर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। इसके कारण अतिक्रमियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। दीवार के पास कबाड़ी का सामान सजा रखा है। इसमें लोहे सहित कई विद्युत सुचालक सामान के कारण कभी भी हादसा हो सकता है।
Updated on:
9 Apr 2018, 4:14 PM IST
Published on:
9 Apr 2018, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.