
सूरसागर में फिर उपजा विवाद, पानी के छींटे उछलने पर युवक को पीटने पहुंचे नकाबपोश हमलावर, गर्माया माहौल
जोधपुर. प्रतापनगर टैम्पो स्टैण्ड के पास ऑटो चालक से बारिश के पानी के छींटे उछलने को लेकर उपजे विवाद में रविवार रात दो-तीन युवकों ने एक अन्य युवक को पीट दिया। जवाब में नकाबपोश हमलावरों ने धार्मिक नारेबाजी कर कबीर नगर में एक ठेला चालक पर हमला कर दिया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया है। इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है।
प्रतापनगर थानाधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह आढ़ा ने बताया कि सूरसागर निवासी लवजीतसिंह सांखला शाम को प्रतापनगर में खड़ा था। तभी गलत दिशा से एक तेज रफ्तार ऑटो आया और सडक़ पर जमा बरसाती पानी उछलकर लवजीत पर जा गिरा। उसने विरोध जताया तो वहां मौजूद दो-तीन युवकों ने लवजीतसिंह को पीटा और भाग गए। लाठी और मुक्कों के वार से लवजीत की पसलियों में चोट आई। आस-पास के लोगों ने परिजन को सूचित किया और लवजीत को अस्पताल पहुंचाया। फिर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। हमलावरों ने सुनील बिश्नोई व शाहिद का भाई बताया जाता है।
बाइक पर आए नकाबपोश हमला कर भागे
इसके कुछ देर बाद कबीर नगर में चार-पांच मोटरसाइकिल पर नकाबपोश पन्द्रह-बीस युवक आए और शाकिर पुत्र अनवर पर हमला कर दिया। जिससे उसके चोटें आईं। उसे महात्मा गांधी अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस को दिए बयान में आरोप है कि हमलावर धार्मिक भावनाएं भडक़ाने वाले नारे लगा रहे थे। सूरसागर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सतर्क, अतिरिक्त बल तैनात
अति संवेदनशील माने जाने वाले सूरसागर क्षेत्र में दो गुटों के बीच झगड़े का पता लगते ही पुलिस व आरएसी तैनात कर दी गई। पुलिस उपायुक्त प्रीति चन्द्रा मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
Published on:
29 Jul 2019 09:01 am
