
चालक भर्ती का स्क्रीनिंग टेस्ट 6 को
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के लिए वाहन चालकों के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का स्क्रीनिंग टेस्ट 6 दिसंबर को होगा।
रजिस्ट्रार (परीक्षा) के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट के लिए 35, राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी के लिए 3, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के लिए 3 तथा 17 जिला न्यायालयों में 31 रिक्त पदों पर वाहन चालकों की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र, पात्रताएं तथा आरक्षण का ब्यौरा हाईकोर्ट की अधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया था। यदि केंद्र सरकार द्वारा पात्रता प्रमाण पत्र जारी किया गया है, तो भर्ती प्रक्रिया में नेपाल और भूटान के नागरिक भी शरीक हो सकते हैं। टेस्ट के संबंध में अन्य ब्यौरा और प्रवेश पत्र जल्दी ही वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
उद्यान के लिए आरक्षित भूमि के अन्य उपयोग पर रोक
जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने सुमेरपुर में सार्वजनिक उद्यान के लिए आरक्षित भूमि के अन्यत्र उपयोग पर रोक लगाते हुए यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ न्यायाधीश संगीत लोढ़ा तथा न्यायाधीश देवेन्द्र कछवाहा की खंडपीठ में याचिकाकर्ता अमराराम की ओर से अधिवक्ता संजय राज पालीवाल ने कहा कि सुमेरपुर के राजेन्द्र मार्केट में सार्वजनिक उद्यान के लिए भूमि आरक्षित थी। इस संबंध में नगर पालिका ने 9 नवंबर, 2006 को प्रस्ताव लिया था, लेकिन अब उस भूमि को 14 भूखंडों के रूप में नीलाम किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। खंडपीठ ने उद्यान के लिए आरक्षित भूमि के अन्यत्र उपयोग पर रोक लगा दी है।
Published on:
06 Nov 2020 06:46 pm
