
वैभव के आरसीए अध्यक्ष बनने से जोधपुर में आइपीएल मैचों की उम्मीदें बढ़ी
जोधपुर।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत के राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के अध्यक्ष बनने से प्रदेश क्रिकेट के साथ जोधपुर क्रिकेट के विकास की उम्मीदें बढ़ गई है। जोधपुर में सुस्त पड़ी जिला स्तरीय क्रिकेट गतिविधियों में जान आएगी । जोधपुर में आइपीएल मैच, अन्तरराष्ट्रीय वन डे मैचों सहित टेस्ट मैचों के आयोजनों में आ रही बाधाएं दूर होंगी व यहां मैचों का आयोजन होगा। जिला स्तर पर फण्ड की समस्याएं दूर होगीआरसीए की ओर से जिला एसोसिएशनों को लंबे समय से फण्ड नहीं दिया जा रहा था। अब जोधपुर सहित प्रदेश की जिला एसोसिएशन्स को फण्ड संबंधी समस्याओं के समाधान की आस जगी है। इससे जिला स्तर पर क्रिकेट गतिविधियां सुचारू रूप से होने की आस जगी है।
आइपीएल व अन्तरराष्ट्रीय मैचों का रास्ता साफ
जोधपुर में अन्तरराष्ट्रीय स्तर का बरकतुल्लाह खान स्टेडियम होने के बावजूद यहां पर आइपीएल मैच नहीं हुए। पूर्ववर्ती सरकारों की ओर से जोधपुर में आइपीएल व अन्तरराष्ट्रीय मैचों के आयोजनों को लेकर जोधपुर के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा था। अब यह समस्या दूर होगी। जोधपुर में आइपीएल, अन्तरराष्ट्रीय वनडे मैचों के साथ टेस्ट मैचों के आयोजन होने की संभावनाएं प्रबल हो गई है।
--
आरसीए व जेडीए में एमओयू होगा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) की आेर से जोधपुर को मैच नहीं देने के एक कारण आरसीए का जोधपुर में खुद का मैदान नहीं होना भी है। जोधपुर का बरकतुल्लाह खान स्टेडियम जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधीन है। वैभव के अध्यक्ष बनने से आरसीए व जेडीए में एमओयू हो सकेगा और जोधपुर को अन्तरराष्ट्रीय मैच आवंटन की समस्या दूर होगी।
--
जिला एसोसिएशन में हो सकता है बदलाव
आरसीए अध्यक्ष पर चुनाव लडऩे वाले वैभव गहलोत व रामप्रकाश चौधरी, दोनों जोधपुर के है। चौधरी वर्तमान में जोधपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव भी है। चौधरी के वैभव के खिलाफ चुनाव लडऩे पर एसोसिएशन में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों ने विरोध किया था। चौधरी चुनाव हार गए है, तो राजनीतिक रूप से देखा जाए तो जिला एसोसिएशन में बदलाव हो सकता है।
---
बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का विकास होगा
वैभव के अध्यक्ष बनने से बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का विकास होगा, अधूरे कार्य पूरे होंगे। जयपुर के बाद पूरे राजस्थान में इसी स्टेडियम में फ्लड लाइट्स है और आईपीएल सहित अन्तरराष्ट्रीय मैचों के मापदण्ड़ों के अनुसार अन्य योग्यताएं भी है। बरकतुल्लाह खान स्टेडियम दर्शक क्षमता के लिहाज से प्रदेश का सबसे बड़ा स्टेडियम है। बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में करीब 45 हजार दर्शक मैच का लुत्फ ले सकते है।
---
ट्रेक पर आएगी क्रिकेट
वैभव गहलोत के आरसीए अध्यक्ष बनने से प्रदेश की क्रिकेट ट्रेक पर आएगी। जोधपुर में 4-5 सालों से दो एसोसिएशन्स काम कर रही है। अब क्रिकेट से जुड़े सभी विवाद खत्म होंगे। टूर्नामेंट होंगे, स्टेडियम का विकास होगा व खिलाडि़यों को रेगुलर प्रेक्टिस मिलेगी।
ललित सुराणा, जिलाध्यक्ष
कांगेस खेल प्रकोष्ठ
--
Published on:
05 Oct 2019 12:00 am
