जोधपुर।
मस्ती व उल्लास से सरोबार फगड़ा – घुड़ला मेले को बारिश की रफ्तार भी नहीं थाम सकी। गवर माता की ‘ भोळावणी ‘ पर शुक्रवार रात सिरे बाजार से निकली मेले की झांकियां देखने शहरवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा। देर रात करीब 10 बजे जालोरी गेट से रवाना हुई शोभायात्रा खांडा फलसा, आडा बाजार, कटला बाजार होते हुए आधी रात बाद नई सड़क पहुंचकर विसर्जित हुई । मेले में डीजे पर गूंजती पाश्चात्य धुनों व बॉलीवुड़ गीतों पर युवतियों का स्वांग रचे थिरकते युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। सिटी पुलिस फगड़ा घुड़ला कमेटी, आडा बाजार कुम्हारिया कुआं गणगौर कमेटी व खांडा फलसा गणगौर कमेटी की ओर से निकाली गई झांकियां मेले में आकर्षण का केन्द्र रही। हालांकि मेला शुरू होने से पहले हुई बारिश के कारण कुछ देर तक व्यवधान बना रहा।
—-
फिल्म कांतारा पर आधारित वन देवता की झांकी आकर्षण का केन्द्र
मेले के अंत में सोलह श्रृंगार व आभूषणों से लकदक तीजणी बने निखिल गांधी करीब डेढ़ किलो स्वर्ण आभूषण पहने सिर पर घुड़ला लिए चल रहे थे । सिरे बाजार दोनों तरफ चबूतरियों व बॉलकनी में मेला देखने के लिए दर्शकों का हुजूम जमा रहा । मेले के दौरान गवर इसर सहित भगवान वैंकटेश, श्रीनाथ, नंदी पर सवार शिव-पार्वती, राधाकृष्ण की झांकियां आकर्षक रही। दक्षिण भारतीय फिल्म कांतारा पर आधारित वन देवता की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही।