
girl fell down from 100 feet high hill, dies on the spot
जोधपुर। जोधपुर शहर के मेहरानगढ़ फोर्ट रोड पर सोमवार रात स्कूटी सवार युवती की दीवार से टकराने पर नीचे गिरने से मौत हो गई। दीवार से टकराने के बाद युवती करीब 100 फीट नीचे गोलनाडी क्षेत्र में एक मकान के पिछले हिस्से में गिरी। जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि यह पता नहीं लग पाया कि युवती की स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई या उसने खुदकुशी की।
आपको बताते चलें कि शहर का यह पहला मामला है जब किला रोड पर कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने पर नीचे गिरने से किसी की मौत हुई। इससे पहले वर्ष 2008 में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई थी। उस दौरान कार के बीच में ही अटकने से कोई हताहत नहीं हुआ था।
सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार शहर के भीतरी क्षेत्र में भंडारियों की पोल निवासी रवीना सिंधी (17) स्कूटी पर सोमवार रात पौने 9 बजे किला रोड से नागौरी गेट की तरफ जा रही थी। जहां किला रोड से नीचे उतरते समय जसवंत थड़ा से कुछ दूरी पर स्थित मोड़ पर अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। दीवार से टकराने के बाद स्कूटी तो दीवार के पास रह गई लेकिन युवती करीब 100 फीट नीचे गोलनाडी क्षेत्र में एक मकान के पिछले हिस्से में गिर गई।
धमाके की आवाज सुनते ही लोग उसे एमजीएच अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। इससे पहले युवती के पिता रात करीब 8 बजे पुलिस थाने पुत्री की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने थाने गए थे। पुलिस में रिपोर्ट देने के महज आधे घंटे बाद ही उन्हें पुत्री की मौत की सूचना मिलने पर पूरा परिवार सदमे में आ गया।
घर से नाराज होकर निकली थी
सदर कोतवाली थानाधिकारी इंद्रसिंह ने बताया कि रात आठ बजे रवीना के पिता नंदकिशोर थाने आए थे। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिचितों और रिश्तेदारों से पूछने पर भी पता नहीं लगा था।
कहासुनी फिर हादसा
लोगों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले युवती को उसके दोस्तों के साथ देखा था। इस दौरान उसकी किसी से कहासुनी भी हुई थी।
इधर थाने में रिपोर्ट दी, उधर आई मौत की खबर
नंदकिशोर बेटी को दिनभर तलाशने के बाद थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट लिखाने गए थे। रिपोर्ट लिखाने के बाद वे थाने से निकल घर जा रहे थे। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें बेटी की दुर्घटना की सूचना मिली। वे अस्पताल पहुंचे तो बेटी की मौत की खबर सुनकर सदमे में आ गए।
Published on:
10 Jul 2018 02:15 pm
