5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Live Concert में भगदड़, कुर्सियां तोड़ी, छात्राओं का सिर फूटा, भीड़ काबू करने पुलिस ने किया बल प्रयोग

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Google source verification
ruckus in Live concert of Milind Gaba in Jodhpur

ruckus in Live concert of Milind Gaba in Jodhpur

जोधपुर। म्यूजिक में एमजी के नाम से प्रसिद्ध पंजाबी रॉक स्टार मिलिंद गाबा ने सोमवार को यहां एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज में अपनी परफोर्मेंस से सनसिटी का दिल तो जीता, लेकिन कंसर्ट के तुरंत बाद भगदड़ मच गई। छात्रों ने कुर्सियां उठाकर फेंकी। टेंट की बल्लियां तोड़ दी गईं। टेंट के पर्दे फाड़ दिए गए। भारी भीड़ होने से धक्का-मुक्की हो गई। छात्रों ने लकड़ी की बल्लियों के टुकड़े और कुर्सियां स्टेज की तरफ फेंकी। टूटी लकड़ी की बल्ली के टुकड़े दो छात्राओं के सिर पर जा लगे, जिससे उनके सिर फूट गए। पुलिस ने बेकाबू भीड़ को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। अंत में दस मिनट तक अफरातफरी की स्थिति रही। पुलिस भी तत्काल स्थिति को काबू करने में नाकाम रही।


माहौल को किया हाइजैक
करीब तीन घंटे देरी से रात 9.15 बजे स्टेज पर पहुंचे गाबा ने आते ही हिंदी व पंजाबी गानों का जलवा बिखेरना शुरू किया। अभी तो पार्टी शुरू हुई है..., नजर लग जाएगी...जैसे हिट गानों पर शानदार प्रस्तुति दी। गाबा के सुरों के बोल पर दर्शक दीर्घा में बैठे छात्र-छात्राएं खूब झूमे। करीब 45 मिनट तक गाबा ने माहौल को हाइजैक कर लिया। एमबीएम कॉलेज के मैदान में खुले मंच पर झिलमिलाती रंगीन रोशनी और हाईफाई म्यूजिक सिस्टम के बीच मिलिंद ने अपनी 12 सदस्यीय टीम के साथ बेहतरीन प्रस्तुति दी।


आपको बता दें कि एनएसयूआइ, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्रसंघ और किसान छात्र संघ के तत्वावधान में लाइव कंसर्ट का आयोजन किया गया था। कंसर्ट शाम छह बजे शुरू होना था, लेकिन गाबा देरी से पहुंचे। इस दौरान अन्य डांस ग्रुप व छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शको का मन लगाए रखा। गाबा के आने के बाद दर्शक दीर्घा में वन्स मोर...वन्स मोर... हूटिंग शुरू हो गई। कई छात्र-छात्राएं कुर्सी से खड़े होकर गाबा के गानों के साथ नाचते नजर आए। मिलिंद ने रॉक बैंड के साथ अभी तो पार्टी शुरू हुई है, दारू पार्टी, दारू बदनाम करती है, नजर लग जाएगी, जरा पास आओ, मैं तेरी हो गई, जिन्दगी जैसे अनेक गीतों पर पंजाबी तडके और बॉलीवुड व हॉलीवुड के रिमक्स पर जोरदार रंग जमाया। एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष दिनेश परिहार ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पुनिया, पवन मेहता सुनील परिहार, मनीषा पंवार, जेएनवीयू छात्रसंघ उपाध्यक्ष हुक्माराम मेघवाल, महासचिव अशोक भाटी, संयुक्त महासचिव दिनेश विश्नोई और किसान छात्रसंघ अध्यक्ष सन्नी नैण शामिल हुए।