
जोधपुर। पुत्र व पुत्रवधू की कथित प्रताडऩाओं से परेशान होकर आरएसी प्रथम बटालियन के एक हेड कांस्टेबल ने शनिवार अपराह्न कोर्ट परिसर में आबकारी कार्यालय व बीमा कार्यालय के पीछे एकांत में पेट्रोल उड़ेलकर खुद को आग लगा ली। लपटों से घिरे हेड कांस्टेबल के चिल्लाकर दौडऩे पर पास स्थित एसीबी कार्यालय से दो सिपाही भागकर आए और आग बुझाकर पुलिस की मदद से महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार पावटा चौराहे के पास लोहार कॉलोनी निवासी हरिसिंह (55) पुत्र जयनारायण लोहार प्रथम बटालियन आरएसी में हेड कांस्टेबल है। वह अपराह्न करीब 3.30 बजे मोटरसाइकिल पर बीमा भवन के पीछे एकांत में पहुंचा। उसके पास पहले से एक बोतल थी। मोटरसाइकिल की टंकी से बोतल में पेट्रोल भरा और फिर खुद पर पेट्रोल उड़ेल आग लगा ली।
आग की लपटों से घिरते ही वह चिल्लाने लगा और इधर-उधर भागने लगा। यह देख पास स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय से हेड कांस्टेबल सुनील गोयल व कांस्टेबल भंवरसिंह दौड़कर बाहर आए और मिट्टी डाल व कम्बल ओढ़ाकर आग बुझाई। झुलसे हेड कांस्टेबल को पुलिस जीप में महात्मा गांधी अस्पताल की आपातकालीन इकाई लेकर आए। उपचार के बाद उसे बर्न यूनिट में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने उसके साठ प्रतिशत झुलसने की जानकारी दी है।
आरोप : पुत्र ने पीटा, पुत्रवधू ने घर में घुसने नहीं दिया
पुलिस ने उसके बयान लिए। उसने आरोप लगाया कि उसका पुत्र व पुत्रवधू उसे तंग व परेशान करते हैं। घर में घुसने नहीं देते और आए दिन मारपीट करते हैं। वह शनिवार दोपहर घर पहुंचा तो दोनों फिर झगड़े पर उतारू हो गए। पुत्र ने मारपीट की और पुत्रवधू ने उसे घर में घुसने तक नहीं दिया। तब वह आवेश में आकर बाइक लेकर निकल गया।
Published on:
05 Jan 2019 08:33 pm
