
जोधपुर। युवती से शादी करने को लेकर चल रहे विवाद में गोदेलाई में एक युवक को बबूल के पेड़ से बांध पीट-पीटकर हत्या के मामले में देचू थाना पुलिस ने बुधवार को दो चाचा और एक भतीजे को गिरफ्तार किया। दोनों चाचा मृतक के मामा भी हैं।
वृत्ताधिकारी (बालेसर) सिमरथाराम के अनुसार वारदात के बाद फरार गोदेलाई गांव निवासी मघाराम पुत्र हीराराम जाट, उसका भाई प्रेमाराम व भतीजे अचलाराम पुत्र भीखाराम जाट को थानाधिकारी जयकिशन सोनी ने कई स्थानों पर दबिश देने के बाद हिरासत में लिया और वारदात स्वीकार करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तीनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मघाराम व प्रेमाराम मृतक अचलाराम के मामा हैं।
युवती के घर पहुंचा तो बांध कर मार डाला
पुलिस का कहना है कि सुखमण्डला गांव निवासी मृतक अचलाराम पुत्र भीखाराम जाट गोदेलाई की युवती को पसंद करता था और उससे शादी करना था, लेकिन युवती के घरवाले तैयार नहीं थे।
उसने युवती को परिजन के बंधन से मुक्त कराकर सौंपने के लिए हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगाई, लेकिन युवती ने मां के साथ रहने के बयान दे दिए थे।
इस बीच, मंगलवार को वह युवती के घर पहुंचा तो युवती के भाई ने पकड़कर अपने दोनों चाचा को बुला लिया था। बाद में तीनों उसे गांव के बाहर सुनसान जगह ले गए और पेड़ से बांध दिया। रातभर उसे लाठियों से पीटा गया जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। मृतक के भाई टीकूराम ने तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
Published on:
31 Jul 2019 09:06 pm
