जोधपुर।
जैसलमेर हाइवे पर पूनियों की प्याऊ के पास गोचर भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में ग्रामीणों ने बोरानाडा स्थित सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर पड़ाव डाल रखा है। झंवर थानाधिकारी व बम्बोर चौकी प्रभारी हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना गुरुवार को भी जारी रहा।
जानकारी के अनुसार पूनियों की प्याऊ में जलदाय विभाग कार्यालय व चौराहे के बीच ढाई बीघा जमीन है। जो जेडीए के अधीनस्थ है और बरसों से खाली है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले सफाई कर जमीन पर कब्जा कर लिया गया था। विरोध करने पर टकराव के हालात हो गए थे।
ग्रामीणों ने संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर व जेडीए सचिव को ज्ञापन सौंपकर जमीन खाली करवाने की मांग की थी। जेडीए ने 15 मई को अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी कर पुलिस जाब्ता मांगा था। डीसीपी पश्चिम ने पुलिस जाब्ता भेजने का आदेश जारी कर दिया था, लेकिन अभी तक अतिक्रमण हटाया नहीं जा सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि झंवर थाना पुलिस ने दो पक्षों को आमने-सामने करवाने का प्रयास किया। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने पांच दिन पहले एसीपी कार्यालय के बाहर पड़ाव डाल दिया था। जो 5वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीण थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी को हटाने और एसीपी व अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। डीसीपी से ग्रामीणों ने मुलाकात की, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया।
डीसीपी गौरव यादव का कहना है कि अतिक्रमण की शिकायत को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। जमीन पर तोड़-फोड़ का पता लगने पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। समझाइश के बावजूद ग्रामीणों का धरना जारी है।