
पूर्व कुलपति ने छात्रसंघ अध्यक्ष को दी थी यह सुविधाएं, अब छात्रसंघ कार्यालय से यह सामान कब्जे में लेगा विवि
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्व विद्यालय के कार्यवाहक कुलपति डॉ. राधेश्याम शर्मा के आदेश पर रजिस्ट्रार प्रो. पी के शर्मा और वित्तीय सलाहकार दशरथ सोलंकी ने छात्रसंघ अध्यक्ष को 14 कर्मचारी उपलब्ध कराने के मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रसंघ अध्यक्षों को भारी भरकम लवाजमा देने की शुरुआत पूर्व कुलपति डॉ. रामपाल सिंह ने की थी। कुलपति डॉ. शर्मा ने शुक्रवार को फोन कर रजिस्ट्रार को मामले की जांच के लिए कहा था। डॉ. शर्मा सोमवार को जोधपुर लौटेंगे। इसके बाद ही जांच रिपोर्ट उनके समक्ष पेश की जाएगी। गौरतलब है कि विवि ने एक अक्टूबर 2017 से छात्रसंघ अध्यक्ष कांता ग्वाला व उनके कार्यालय के लिए 6 सिक्योरिटी गार्ड, दो चपरासी, दो उच्च कुशल कर्मचारी, दो कुशल कर्मचारी व दो लिपिक सहित 14 कर्मचारी लगाए थे। इन कार्मिकों का हर महीने वेतन के रूप में 1 लाख रुपए बन रहा है जो विवि खुद अपने खाते से खर्च कर रहा है। इस मद पर अब तक करीब 8 लाख रुपए खर्च हो हो चुके हैं।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों से होगी वसूली
हर साल छात्रसंघ अध्यक्ष विश्व विद्यालय के खर्चे से टेबल-कुर्सियां, एसी, एलईडी, डिश, सोफे, कम्प्यूटर सहित अन्य सामग्री खरीदते थे। कुलपति डॉ. राधे श्याम शर्मा ने इस बार छात्रसंघ अध्यक्ष कार्यालय के सारे सामान को अपने कब्जे में लेने के निर्देश दिए हैं। कांता ग्वाला का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। विश्व विद्यालय प्रशासन सभी अध्यक्षों द्वारा खरीदे गए सामान के बिलों की सूची बनाएगा और संबंधित छात्रसंघ अध्यक्षों को नोटिस भेजकर इसकी वसूली करेगा।
समीक्षा कर रहे हैं
कुलपति ने मामले की जांच के लिए कहा है। हम फाइलें मंगवाकर मामले की समीक्षा कर रहे हैं। पूर्व कुलपति के आदेश पर छात्रसंघ अध्यक्ष को कर्मचारी दिए थे। छात्रसंघ अध्यक्ष कार्यालय का सामान भी कब्जे में लिया जाएगा।
प्रो. पीके शर्मा, कार्यवाहक रजिस्ट्रार, जेएनवीयू जोधपुर
Published on:
16 Jun 2018 02:59 pm
