
jodhpur crime file
मकान में भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच पर लाखों रुपए का सट्टा पकड़ा
जोधपुर. प्रतापनगर थाना पुलिस ने चानणा भाखर में देवी रोड स्थित मकान में दबिश देकर भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-२० मैच में सट्टा लगा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनसे लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब मिलने की उम्मीद है। ग्यारह मोबाइल व सटोरियों के मोबाइल से जुड़ी एक अटैची भी जब्त की गई है। थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा के अनुसार भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मैच को लेकर यहां सट्टा लगाए जाने की सूचना मिली। इस पर उप निरीक्षक मुकनदान के साथ देवी रोड स्थित अब्दुल गफूर पुत्र हाजी गफूर के मकान में दबिश दी गई, जहां अश्विन कुमार खत्री व अनिल कुमार जैन मोबाइल पर क्रिकेट सट्टा बुक करते मिले। दोनों को गिरफ्तार कर ग्यारह मोबाइल व उपकरणों की एक अटैची जब्त की गई है।
टीवी की बजाय मोबाइल में चल रहा था मैच
उप निरीक्षक मुकनदान का कहना है कि आरोपियों ने सट्टा बुक करने के लिए अटैची में उपकरण लगा रखा था। जो एक साथ ग्यारह मोबाइल से जुड़ा हुआ था। मोबाइल पर मैच देखने के साथ ही सट्टे भी बुक किए जा रहे थे। आरोपियों ने अपने मोबाइल में ऑडियो नामक एेप डाउनलोड कर रखा है। जो फोन करने वालों की बातचीत रिकॉर्ड करके उसी पर सट्टा बुक कर रहे थे। अब पुलिस मोबाइल में रिकॉर्ड बातचीत सुनकर सट्टे की राशि निकालने का प्रयास कर रही है। जिसके लाखों रुपए में होने का अनुमान है।
-------------
रेलवे स्टेशन के बाहर यात्री को झांसा, बीस हजार व मोबाइल एेंठे
उत्तरप्रदेश के रायबरेली में गांव जाने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर पहुंचे एक व्यक्ति को पांच लोगों ने झांसे में लेकर बीस हजार रुपए व कीमती मोबाइल एेंठ लिया। सरदारपुरा थाने में मामला दर्ज न करने व अभद्र व्यवहार पर पीडि़त ने सम्पर्क पोर्टल के मार्फत एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार मूलत: रायबरेली (यूपी) हाल बालोतरा निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र दयाराम पासी गत २४ अक्टूबर को गांव जाने के लिए जोधपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वह स्टेशन के बाहर एक होटल के आगे से निकल रहा था। तब पांच व्यक्तियों ने उसे रोका था और बातचीत करने लगे। आरोपियों ने उसे बातों के जाल में उलझाकर बीस हजार रुपए, कीमती मोबाइल व दस हजार रुपए का स्पीकर एेंठ लिया। आरोपियों के जाने के बाद उसे ठगी का पता लगा। वह सरदारपुरा थाने पहुंचा और मामले की जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई करने की बजाय उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। उसे अनावश्यक इधर-उधर घूमाते रहे। कार्रवाई न होने पर परेशान होकर उसने सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत की। पोर्टल से शिकायत मिलने पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया है।
-------------
फोटो खिंचवाने स्टेज पर रखा बैग गायब, लाखों के जेवर चोरी
चौपासनी रोड पर प्रथम पुलिया स्थित मैरिज गार्डन में चल रहे शादी समारोह के दौरान फोटो खिंचवाने के दौरान स्टेज पर रखा एक बैग दो बाल अपचारियों ने चुरा लिया। बैग में लाखों रुपए के सोने के आभूषण और चंादी के सिक्कों का वीडियो रिकॉर्डिंग व फोटो के आधार पर देवनगर थाना पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया। सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) राजेन्द्र प्रसाद दिवाकर ने बताया कि प्रफुल्ल पुत्र प्रदीप सोनी का शनिवार रात अग्रसेन वाटिका में रिसेप्शन था। दुल्हे की मां साधना सोनी फोटो खिंचवाने स्टेज पर गईं तब आभूषण व रुपए का बैग स्टेज पर रख दिया। कुछ देर बाद वापस आई तब बैग गायब था। उसमें बारह-तेरह तोला सोने के आभूषण, १३-१४ हजार रुपए और चांदी के सिक्के रखे थे। बैग गायब होने का पता लगते ही घरवाले सकते में आ गए। उन्होंने अपने स्तर पर तलाश की। समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग व फोटो खंगाले तो दो लडक़े स्टेज से बैग चुराकर भागते नजर आए। पुलिस मौके पर आई और तलाश शुरू की। इस बीच, रविवार को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के सामने फुटपाथ पर चोरी का बैग लेकर घूम रहे एक बाल अपचारी को और उससे पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दूसरे बाल अपचारी को भी पकड़ लिया गया। थानाधिकारी सुमेरदान के नेतृत्व में आरोपियों से पूछताछ के बाद इनके कब्जे से चोरी के दस तोला सोने के आभूषण, तेरह हजार रुपए और चांदी के २९ सिक्के बरामद किए गए। एएसआई सुखराम का कहना है कि आरोपी मध्यप्रदेश में राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं और वारदात के बाद ट्रेन से भागने की फिराक में थे। आरोपियों के घरवालों का पता नहीं चल पाया है।
घर के बाहर डोडा पोस्त बेचते युवक गिरफ्तार
देवनगर थाना पुलिस ने मसूरिया में बालाजी मंदिर रोड स्थित घर के बाहर डोडा पोस्त बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार कर ढाई किलो डोडा पोस्त जब्त किया। पुलिस के अनुसार बालाजी मंदिर रोड पर मकान के बाहर मादक पदार्थ बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने वहां दबिश दी, जहां से जितेन्द्र (१९) पुत्र चतुराराम विश्नोई को पकडक़र तलाशी ली और ढाई किलो डोडा पोस्त जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत जितेन्द्र को गिरफ्तार किया गया।
------------
घरवाले ट्यूबवेल पर गए, पीछे चोरों ने जेवर चुराए
जिले के करवड़ थानान्तर्गत नेतड़ा गांव में सूने मकान के ताले तोडक़र चोरों ने चांदी के आभूषण व रुपए चुरा लिए। करवड़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। थानाधिकारी राजूराम के अनुसार नेतड़ा गांव निवासी सुजाराम पुत्र धोंकलराम मेघवाल अपनी पत्नी व परिवार के साथ गत १८ नवम्बर को गांव में ही ट्यूबवेल पर गए थे, जो २३ नवम्बर को घर लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने सूने मकान से चांदी के आभूषण, ५५ सौ रुपए व घरेलू सामान चुरा लिया।
शादी समारोह से बाहर आए तो गायब मिली एसयूवी
उधर, डीपीएस बाइपास स्थित मैरिज गार्डन के बाहर खड़ी एक एसयूवी चोर चुरा ले गए। बोरानाडा थाना पुलिस के अनुसार पाली में सूरजपोल निवासी विनोद कुमार पुत्र अचलाराम घांची गत शुक्रवार रात शादी समारोह में शामिल होने कस्तूरी ऑर्किड आए थे। एसयूवी कार बाहर खड़ी की थी। समारोह के बाद वह बाहर आए तो कार गायब थी।
-----------
कार लूट मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
डांगियावास थाना पुलिस ने एक युवक से मारपीट कर कार लूटने के मामले में एक महीने से फरार हिस्ट्रीशीटर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमनदीप सिंह कपूर के अनुसार प्रकरण में वांछित खेड़ी सालवा निवासी नरपतराम पूनिया को शनिवार मध्यरात्रि एएसआइ बाबूलाल व बनाड़ थाने के एएसआइ अमरसिंह ने संयुक्त नाकाबंदी कर दबोच लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह डांगियावास थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट, लूट, चोरी, डकैती, अपहरण और बलात्कार के तेरह मामले दर्ज हैं। इस मामले में अब तक नरेश जाखड़ व भरत सारण गिरफ्तार हो चुके हैं।
यह है मामला
आरोपी नरपतराम ने ने गत २५ अक्टूबर की रात सालवा कला निवासी महेन्द्र थोरी कार में बुड़किया से गांव आ रहा था। तब रास्ते में नरपत ने नरेश जाखड़ व भरत सारण के साथ मिलकर सालवा कला निवासी महेन्द्र थोरी से मारपीट कर कार लूट ली थी।
Published on:
26 Nov 2018 02:19 pm
