
भवनेश जांगिड़...
बासनी (जोधपुर). कहते हैं कि सपनों पर किसी का अधिकार नहीं होता। हर आदमी अपने घर-परिवार से लेकर देश-दुनिया के तमाम सपने देखता है। कुछ सपनों को हकीकत में बदलने के लिए व्यक्ति कोशिश करता है, वहीं कुछ सपने महज ख्वाब बनकर ही रह जाते हैं। ऐसे ही सपनों के टूटने और उन्हें वापस बुनने के उतार-चढ़ाव भरे जीवन में सफलता की मिसाल पेश की है उद्यमी भवनेश जांगिड़ ने। इन्होंने अपने सपनों को मेहनत व समर्पण की भावना से हकीकत में बदल दिया। 23 साल की उम्र में काम शुरू करने वाले भवनेश ने जिम के उपकरण उत्पादन के व्यवसाय में शहर ही नहीं बल्कि देश-दुनिया तक अपनी पहचान बनाई।
पिता से सीखा काम
स्नातक करने के बाद में जांगिड़ ने निश्चय कर लिया कि उन्हें व्यवसाय ही करना है। यही वजह है कि इन्होंने स्वयं को व्यवसाय की ओर धकेला। शुरूआती दिनों में अपने पिता के साथ फैक्ट्री में आकर काम की बारीकियां सीखने का प्रयास किया। इस दौरान इन्हें काफी संघर्ष भी करना पड़ा
चीन में जाकर लिया प्रशिक्षण
व्यवसाय की दुनिया में खुद को स्थापित करने में जुटे जांगिड़ ने बताया कि उन्हें गुणवत्ता के अभाव में आर्डर कम मिलते थे। ऐसे में मन में यह सवाल उठता था कि कम पैसे में अच्छी गुणवत्ता कैसे दें ,ये सबसे बड़ी चुनौती थी। इसके लिए चीन जाकर काम सीखने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। चीन से भारत लौटने के बाद अत्याधुनिक उपकरण आयात किए।
संजय दत भी है ग्राहक
इनके उपकरण की साख को देखते हुए सबसे पहला आर्डर अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड से मिला। यहीं से शुरु हुई सपनों की उड़ान जो निरंतर जारी है। इसी सूची में सुजलॉन एनर्जी, आईआईटी जोधपुर , एनएलयू यूनिवर्सिटी, करियर पॉइंट, होटल रेडिसन, विवांता ताज के अलावा बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त भी इनके ग्राहकों में शुमार है। पांच हजार से भी ज्यादा जिम में इनके उपकरणों की सप्लाई होती है।
परिवार का रहा सहयोग
जांगिड़ की इस सफलता में इनके परिवार का विशेष सहयोग रहा। माता निर्मला देवी, भाई विनीत व नितेश जांगिड़ का पूरा सहयोग रहा। जांगिड़ का लक्ष्य देश की सबसे बड़ी फिटनेस उपकरण बनाने वाली कम्पनी के रुप में खुद के व्यवसाय को स्थापित करना है। वर्तमान में जांगिड़ राजस्थान स्पोट्र्स एंड फिटनेस एसोसिएशन एवं जोधपुर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं।
Published on:
01 Jan 2018 11:17 am

बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
