
jumat ul vida
रहमतों और बरकतों के महीने रमजान में 27 वीं शबे कद्र गुरुवार देर रात अकीदत व एहतराम से मनाई गई। देर रात तक शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में इबादत के लिए बड़ी संख्या में रोजेदार पहुंचे। शबे कद्र के उपलक्ष्य में ईदगाह मस्जिद, उदयमंदिर धानमंडी, मेड़ती गेट, सोजती गेट, नागौरी गेट, लायकान, सिवांची गेट, मंडोर रोड खेतानाडी, आदि क्षेत्रों की मस्जिदों में विशेष रोशनी की गई।
महिलाओं ने घरों में तरावीह की विशेष नमाज तथा कुरान शरीफ की तिलावत की। दारुल उलूम इस्हाकिया में मुफ्ती-ए-आजम राजस्थान मौलाना अशफाक हुसैन नईमी, नायब मुफ्ती-ए-राजस्थान मौलाना शेर मोहम्मद, लखारा मस्जिद में मौलाना फय्याज़ अहमद,जामा मस्जिद में मौलाना फिदा रसूल, जालोरी गेट ईदगाह मस्जिद में मौलाना याक़ू ब और सोजती गेट मस्जिद तेलियान में मौलाना असदुल्लाह आदि ने शबे-कद्र की अहमियत बयान की।
जुमातुलविदा की नमाज के लिए मस्जिदों में विशेष इंतजाम
माहे रमजान का सबसे महत्वपूर्ण चौथा और अंतिम जुमा जुमातुल विदा शुक्रवार को अकीदत व एहतराम के साथ मनाया जा रहा है। रमजान का महीना अब विदा होने में चंद दिन ही बाकी रह गए हैं। रविवार को चांद नजर आने अथवा शहादत मिलने पर ईद सोमवार को मनाई जाएगी। बारिश के बाद खुशगवार हुए मौसम से रोजेदारों ने राहत महसूस की। छोटे बच्चे, बुजुर्ग लोगों में जुमातुल विदा को रोजा रखने के प्रति उत्साह हैं। मस्जिदों में सामूहिक सेहरी और शाम को रोजा इफ्तार के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई है।
दोपहर में सभी मस्जिदों में जुमातुल विदा की नमाज अदा की जाएगी। महिलाएं घरों में नमाज अदा करेंगी। रात को मस्जिदों में नफिल नमाज अदा की गई। मस्जिदों में नमाजियों की अधिक संख्या की संभावना को देखते हुए गुरुवार से ही अतिरिक्त इंतजाम कर लिए गए हैं। महिलाओं व बच्चों ने ईद की तैयारियां शुरू कर दी है। बाजारो में रौनक छाने लगी है। शहर के प्रमुख बाजारों में गुरुवार देर तक रौनक छाई रही।
29 वीं शबे कद्र कल
माहे रमजान में गुनाहों से तौबा व इबादत की महत्वपूर्ण 29 वीं शबे कद्र शनिवार को मनाई जाएगी। रोजेदारों की ओर से रोजे व नमाज को कुबूल करने और पवित्र माह के दौरान इबादत में हुई कोताही के लिए अल्लाह से माफी मांगी जाएंगी।
Published on:
23 Jun 2017 08:34 am
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
