
ट्रैवल्स कंपनी के मालिक को लॉरेंस गुर्गे की धमकी, दो दिन में बकाया 15 लाख दो
जोधपुर.
शहर में चार साल बाद फिर रंगदारी के लिए विदेशी नम्बर से व्हॉट्सऐप कॉल पर धमकी भरा कॉल आने से सनसनी फैल गई। पंजाब के कुख्यात व हार्डकोर लॉरेंस बिश्नोई के लिए अज्ञात युवक ने ट्रैवल्स कम्पनी के मालिक को विदेशी नम्बर से व्हॉट्सऐप कॉल कर रंगदारी के बकाया 15 लाख रुपए दो दिन देने के लिए धमकियां दी। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। धमकी भरे कॉल आने के बाद ट्रैवल्स मालिक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घर पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, चेतक को गश्त के दौरान मकान पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जैन ट्रैवल्स के मालिक मनीष जैन के मोबाइल पर गत मंगलवार रात 8.55 बजे विदेशी नम्बर से व्हॉट्सऐप कॉल आए। वह उस समय शादी समारोह में था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का गुर्गा बताते हुए कहा कि जो पेमेंट बाकी है, वह हिसाब करो। ट्रैवल्स मालिक ने अनभिज्ञता जताई तो उस व्यक्ति ने कहा कि भाई यानि लॉरेंस ने पेमेंट बाकी होना बताया है। इस पर ट्रैवल्स मालिक ने इनकार कर दिया। तब उसने एक-दो दिन में बकाया 15 लाख रुपए न देने पर मौत का जिम्मेदार खुद होने की धमकी देकर फोन काट दिया। इसके बाद रात 8.57 बजे, 9.00 और घर पहुंचने पर रात 10.50 बजे फिर धमकी भरे कॉल आए। जैन ने बुधवार रात शास्त्रीनगर थाने में मामला दर्ज कराया।
लॉरेंस बिश्नोई तिहाड़ जेल और उसके गुर्गे हरेन्द्र उर्फ हीरा व अन्य अजमेर की हाई सिक्योरिटी घूघरा घाटी जेल में बंद हैं।
रुपए न देने पर मारने की धमकी
खुद को लॉरेंस का गुर्गा बताने वाले युवक ने ट्रैवल्स मालिक को धमकी भरे चार कॉल किए। उसने धमकाया कि एक-दो दिन में रुपए न देने पर फायरिंग होगी, जिसमें जान भी चली जाएगी। थानाधिकारी जोगेन्द्रसिंह का कहना है कि मोबाइल नम्बर से जांच की जा रही है। डीएसटी भी युवक का पता लगाने में जुटी है।
पहले भी की थी फायरिंग, कार जलाई
रंगदारी वसूलने के लिए वर्ष 2017 में भी लॉरेंस के गुर्गे हथियार लेकर ट्रैवल्स मालिक के कल्पतरू के पास ऑफिस में घुसे थे, लेकिन फायरिंग नहीं कर पाए थे। इसके बाद निजी अस्पताल के डॉ सुनील चाण्डक के मकान पर फायरिंग की गई थी। वहीं, ट्रैवल्स मालिक के सेक्टर सात स्थित मकान पर भी हमला कर बाहर खड़ी लग्जरी कार को आग लगा दी गई थी।
मोबाइल व्यवसायी की कर चुके हैं हत्या
लॉरेंस के गुर्गो ने रंगदारी के लिए सरदारपुरा सी रोड पर मोबाइल शोरूम में फायरिंग की थी। रुपए न देने पर शोरूम मालिक वासुदेव इसरानी की दुकान के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
Published on:
03 Dec 2021 02:26 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
