
पीपाड़सिटी क्षेत्र में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करते अधिकारी।
पीपाड़सिटी (जोधपुर). पंचायतराज विभाग के राज्य स्तरीय सतर्कता दल ने पंचायत समिति क्षेत्र के कोसाणा गांव में शनिवार को मनरेगा कार्य का निरीक्षण कर बिना औजार के उपस्थित बारह मजदूरों को अनुपस्थित मानने के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार पंचायत राज विभाग जयपुर के अधीक्षण अभियंता के के शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को राज्य सतर्कता दल ने बिलाड़ा व पीपाड़सिटी पंचायत समिति क्षेत्र में दो-दो मनरेगा कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कोसाणा में नाडी खुदाई के कार्यों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित मजदूरों की हाजरी भी ली। दल ने कार्य की गुणवत्ता के साथ खर्च राशि की जानकारी ली। इस दौरान बारह मजदूरों के पास खुदाई कार्य के आवश्यक औजार नहीं थे, बिना औजार के उपस्थित मजदूरों को अनुपयोगी मानते हुए मस्टररोल में अनुपस्थित दर्ज करने के निर्देश दिए। राज्य दल की इस कार्रवाई से मजूदरों की चिंता बढ़ी नजर आई।
पीपाड़सिटी मनरेगा के सहायक अभियंता चंपालाल ने ब्लॉक क्षेत्र में मनरेगा में कराए गए और प्रगति के कार्यों के साथ प्रस्तावित कार्यों से दल को अवगत कराया। अधीक्षण अभियंता शर्मा ने इस दौरान मनरेगा कार्यों को लेकर विशेष दिशा निर्देशों के साथ कार्य की जनोपयोगिता को प्राथमिकता के निर्देश दिए। दल में जयपुर के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार जैन के अलावा कनिष्ठ तकनीकी सहायक सुमेरसिंह, ग्राम विकास अधिकारी महेंद्रसिंह टाक भी उपस्थित थे।
निरीक्षण में एक मेट व 150 श्रमिक अनुपस्थित मिले
सेखाला / बालेसर . ग्राम पंचायत सेखाला व जवाहरनगर में नरेगा कार्यों पर विकास अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण में एक मेट एवं 150 श्रमिक अनुपस्थित मिले। विकास अधिकारी दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को ग्राम पंचायत सेखाला एवं जवाहरनगर में नरेगा कार्यों का निरीक्षण किया।
दिन में मेघवाल श्मशान के पास नाडी खुदाई कार्य पर 61 में से 34 श्रमिक तथा एक मेट केवलराम भी अनुपस्थित मिला। इसके बाद गंवई तालाब खुदाई कार्य स्थल पर 50 में से 27 श्रमिक अनुपस्थित मिले। ग्राम पंचायत जवाहर नगर में कालानी नाडी खुदाई कार्य पर 69 में से 33 श्रमिक अनुपस्थित मिले एवं सबल सिंह भोमिया नाडाखुदाई कार्य पर 77 में से 56 श्रमिक अनुपस्थित मिले।
नोटिस दिए : आकस्मिक निरीक्षण में औसत से ज्यादा श्रमिक अनुपस्थित मिलने पर गंभीरता से लेते हुए विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों को नोटिस जारी किए।
Published on:
23 Jan 2022 10:18 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
